सात दिन में 1600 संगठनात्मक मण्डलों में होगी बैठकें: बीजेपी का नया प्लान
लखनऊ
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि पार्टी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए आगामी 28 जनवरी से 3 फरवरी तक प्रदेश के सभी 1600 ग्रामीण संगठनात्मक मण्डलों में बैठकें आयोजित करेंगी। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर रविवार को वर्चुअल बैठक की।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल की उपस्थिति में हुई बैठक में सभी प्रदेश सह महामंत्री संगठन, प्रदेश महामंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला संयोजक पंचायत चुनाव व पंचायत चुनाव से जुड़े पदाधिकारियों सहित अन्य प्रमुख नेता सम्मिलित हुए।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी सजगता व तत्परता के साथ पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बल पर पार्टी पूरी ताकत से पंचायत चुनाव लड़ कर जीत हासिल करेंगी। पंचायतों में भी अच्छे व योग्य लोग चुनकर आएं इसीलिए पार्टी ने पंचायत चुनाव लड़ने का फैसला किया है। पार्टी द्वारा पंचायत चुनाव में जिसे भी प्रत्याशी घोषित किया जाए उसे पार्टी कार्यकर्ता पूरे मनोयोग के साथ विजयी बनाने के संकल्प के साथ कार्य करे। पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की शक्ति और मोदी-योगी सरकार के जनकल्याणकारी कार्यो के बल पर भाजपा पंचायत चुनाव में भी विजयी होगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पंचायत चुनाव को गंभीरता से लेते हुए बूथ स्तर तक पार्टी संगठन को मजबूत बनाते हुए आमजन से संपर्क व संवाद बढ़ाए। इसके पूर्व पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व पंचायत चुनाव के प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने पंचायत चुनाव को लेकर अब तक की गई तैयारियों को लेकर जानकारी दी। बैठक में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, भूपेन्द्र चौधरी, ब्रजेश पाठक, डा. महेन्द्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह, प्रकाश पाल, प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर, अश्वनी त्यागी, अनूप गुप्ता, प्रियंका रावत, अमरपाल मौर्य, सुब्रत पाठक, प्रदेश मंत्री सुभाष यादव, शंकर लोधी, संजय राय व बाबूराम निषाद सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी व प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
bhavtarini.com@gmail.com 
