1 जुलाई से बड़े बदलाव: पासपोर्ट महंगा, बिना टिकट यात्रा पर दोगुना जुर्माना, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल सस्ता

1 जुलाई से बड़े बदलाव: पासपोर्ट महंगा, बिना टिकट यात्रा पर दोगुना जुर्माना, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल सस्ता

नई दिल्ली, कॉमर्शियल सिलेंडर बुधवार से औसतम 180 रुपए सस्ता हो गया है। दिल्ली में यह 2930 रुपए में मिल रहा है। वहीं अब पेट्रोल पंपों पर एक गाड़ी में एक दिन में सिर्फ 200 लीटर डीजल भरने की सीमा खत्म हो गई है। अब पासपोर्ट बनवाना या री-इश्यू कराना महंगा हो गया है। सामान्य पासपोर्ट की फीस 1,500 से बढ़कर 2,500 हो गई। वहीं नयारा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर सस्ता कर दिया है। तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर औसतन 180 रुपए तक सस्ता कर दिया है। दिल्ली में इसकी कीमत 2930 हो गई है। पहले ये 3113.50 रुपए में मिल रहा था। कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम घटने से रेस्टोरेंट मालिकों का खर्च घटेगा। ऐसे में वे चाय, नाश्ते और थाली सस्ते कर सकते हैं। शादियों की कैटरिंग भी सस्ती हो सकती है। हालांकि, 14 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। 

पासपोर्ट बनवाना महंगा हुआ

केंद्र सरकार ने पासपोर्ट की फीस में बढ़ोतरी की है, जो 1 जुलाई से लागू हो गई है। इससे पहले 2012 में पासपोर्ट की फीस बढ़ाई गई थी। यानी 14 साल बाद ये बढ़ोतरी हुई है। अब नया पासपोर्ट बनवाने या पुराने पासपोर्ट को री-इश्यू कराने वाले नागरिकों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा और उन्हें 1,000 से लेकर 2,000 तक अधिक खर्च करने होंगे।

ट्रेन में बिना टिकट यात्रा पर देना पड़ेगा दोगुना जुर्माना

रेल मंत्रालय ने ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करने पर लगने वाले न्यूनतम जुर्माने को 250 से 500 कर दिया है। अब पकड़े जाने पर यात्री को टिकट के वास्तविक किराए के साथ कम से कम 500 का चार्ज देना होगा। मामला मजिस्ट्रेट कोर्ट में जाने और दोषी पाए जाने पर अधिकतम 6 महीने की जेल, 1,000 का जुर्माना या दोनों सजाएं हो सकती हैं। बिना टिकट सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर अब दोगुनी मार पड़ेगी।  

एटीएफ की कीमतों में 5 रुपए की कटौती

केंद्र सरकार ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी हवाई ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में 5 रुपए प्रति लीटर की कटौती की है। इस कटौती के बाद अब नई कीमत 110 रुपए प्रति लीटर हो गई है। इससे एयर लाइन कंपनियां टिकट के दामों में कटौती कर सकती हैं।

कार खरीदना महंगा

ज्यादातर ऑटोमोबाइल कंपनियों ने 1 जुलाई से अपने वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इसके तहत किया इंडिया ने अपने सभी वाहनों की रेंज में 2 फीसदी तक की बढ़ोतरी की है, जबकि टाटा मोटर्स कीमतों में 1.5 फीसदी तक की बढ़ोतरी करने जा रही है। टाटा मोटर्स के वाहनों को पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए अब ट्रेडिशनल फ्यूल गाडिय़ों के साथ इलेक्ट्रिक कारें खरीदना भी महंगा हो जाएगा।

नायरा ने की पेट्रोल डीजल के रेट में कटौती 

प्राइवेट फ्यूल रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर सस्ता कर दिया है। अब भोपाल में पेट्रोल की कीमत 114.79 रुपए और डीजल 99.57 रुपए पर आ गया है। नायरा के देशभर में 7000 हजार से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं। इससे आम आदमी को महंगाई से राहत मिलेगी। डीजल के दाम घटने से सामान को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने का खर्च (ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट) कम हो जाता है। इससे आने वाले दिनों में फल, सब्जियां, राशन और दूसरी जरूरी चीजें सस्ती हो सकती हैं।

डीजल की बिक्री पर लिमिट हटी

अब पेट्रोल पंपों पर एक गाड़ी में एक दिन में सिर्फ 200 लीटर डीजल भरने की सीमा खत्म हो गई है, यानी अब आप अपनी गाड़ी में जितना चाहें उतना डीजल भरवा सकेंगे। इसके साथ ही फैक्ट्रियों और कॉमर्शियल खरीदारों पर लगी रोक भी हटा दी गई है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने 11 जून को पेट्रोल-डीजल की किल्लत की वजह से ये पाबंदियां लगाई थीं। इस फैसले से आम वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टर्स और बड़े कॉमर्शियल खरीदार अपनी जरूरत के अनुसार जितना चाहें उतना डीजल सीधे पेट्रोल पंपों से भरवा सकेंगे। इसके अलावा, पिछले 18 दिनों से फैक्ट्रियों और बड़े उपभोक्ताओं को होने वाली ईंधन की परेशानी भी खत्म हो जाएगी।