विशाल को मिलेगी अनुकम्पा नियुक्ति – मंत्री पटेल
भोपाल
किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने गुरुवार को हरदा सर्किट हाउस में आमजनों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना और निराकरण के निर्देश दिये। पटेल ने स्वास्थ्य विभाग में आवेदक विशाल की लंबित अनुकम्पा नियुक्ति के लिये तत्काल कार्यवाही करने के आदेश दिये।
मंत्री पटेल को आवेदक विशाल नामदेव ने बताया कि वर्ष 1995 में स्वास्थ्य विभाग में लेखापाल के पद पर कार्यरत रहते हुए उनके पिता की मृत्यु हो गई थी। उस समय वह नाबालिग था। बालिग होने पर उसके द्वारा आवेदन किया गया, परन्तु अभी तक अनुकम्पा नियुक्ति नहीं मिल पाई है। पटेल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उक्त प्रकरण में त्वरित निर्णय लेने के निर्देश दिये।
जनता ने मंत्री पटेल का किया आभार व्यक्त
सर्किट हाउस में हरदा विधानसभा क्षेत्र के मसनगाँव के एक परिवार ने मंत्री पटेल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पटेल ने उनके उपचार के लिये जो सहयोग किया है, उसके लिये वे जीवनभर आभारी रहेंगे। पटेल ने सर्किट हाउस में अधिकारियों को तलब कर हंडिया के किसान कमल जाट की भूमि के मुआवजे के संबंध में पड़ताल की। उन्होंने मुआवजा राशि प्रदान किये जाने संबंधी आदेश अधिकारियों को दिये। पटेल के निर्देशों का त्वरित पालन करते हुए अधिकारियों ने मुआवजा राशि प्रदान किये जाने संबंधी पत्र तैयार किया और मंत्री पटेल से उक्त पत्र को किसान कमल जाट को दिलाया गया।
bhavtarini.com@gmail.com 