लखनऊ की पहली विमान सेवा रविवार से, किराया 1500 से कम, गोरखपुर को होली का तोहफा

लखनऊ की पहली विमान सेवा रविवार से, किराया 1500 से कम, गोरखपुर को होली का तोहफा

लखनऊ  
गोरखपुर से लखनऊ की पहली विमान सेवा 28 मार्च से शुरू होने जा रही है। गोरखपुर के साथ ही लखनऊ के लोगों के लिए होली से पूर्व यह बड़ा तोहफा है। करीब 1477 रुपये के टिकट पर महज एक घंटे में लोग अब गोरखपुर और लखनऊ के बीच की यात्रा पूरी कर सकेंगे। रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत यह विमान सेवा शुरू होने जा रही है। 

गुरु गोरखनाथ गोरखपुर एयरपोर्ट से लखनऊ का सफर एक घंटे में तय किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को विमान सेवा के मामले में बहुत आगे पहुंचाने का काम किया है। गोरखपुर से लखनऊ के लिए यह विमान दोपहर दो बजे उड़ान भरेगा। 28 मार्च को पहली बार जब यह विमान लखनऊ एयपोर्ट पर लैंड करेगा तो इसके यात्रियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस विमान सेवा का लाभ गोरखपुर व आसपास के जिलों के साथ ही नेपाल और बिहार के सीमावर्ती जिलों के लोगों को मिलेगा। 

दो इंटरनेशनल एयरपोर्ट थे, अब पांच हो जाएंगे
आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े प्रदेश में वर्ष 2017 तक मात्र दो इंटरनेशनल एयरपोर्ट लखनऊ और वाराणसी में थे। नोएडा इंटरनेशनल ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट जेवर, कुशीनगर और अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तैयार हो जाने पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की संख्या राज्य में पांच हो जाएगी। कुशीनगर एयरपोर्ट से विमान सेवाएं जल्द शुरू करने की तैयारी है। 

अलीगढ़, आजमगढ़, मुरादाबाद, श्रावस्ती से उड़ानें जल्द
प्रदेश में कुल 21 एयरपोर्ट और सात हवाई पट्टियों को क्रियाशील करने की प्रक्रिया चल रही है। केंद्र सरकार की रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम ‘उड़ान’ के तहत अलीगढ़, आजमगढ़, मुरादाबाद, श्रावस्ती, चित्रकूट और सोनभद्र स्थित हवाई पट्टी हवाई सेवा के लिए चयनित हैं। अलीगढ़, आजमगढ़, मुरादाबाद, श्रावस्ती एयरपोर्ट का विकास लगभग हो चुका है, लाइसेंसिंग की प्रक्रिया चल रही है। इन एयरपोर्ट से जल्द ही विमान सेवाएं शुरू किए जाने की तैयारी है। चित्रकूट और सोनभद्र एयरपोर्ट जल्द पूरे होने वाले हैं। अयोध्या में बन रहे मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम हवाई अड्डा अयोध्या के लिए 101 करोड़ का बजट प्रस्तावित है। सहारनपुर, झांसी, मेरठ और ललितपुर में हवाई अड्डा के लिए भूमि खरीदने की कार्यवाही चल रही है।