मोदी कैबिनेट: आज फेरबदल में दिखेंगे ये 5 अहम बदलाव

मोदी कैबिनेट: आज फेरबदल में दिखेंगे ये 5 अहम बदलाव

 नई दिल्ली

नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाले केंद्रीय मंत्रिमंडल में पहला और बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। फेरबदल में कई मंत्रियों को प्रोन्नति भी मिलने के आसार हैं तो कुछ की छुट्टी भी हो सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, मोदी कैबिनेट के इस फेरबदल में कुछ पांच किस्म के बदलाव देखने को मिल सकते हैं। फेरबदल को लेकर सत्ता के गलियारों में जो अनुमान लगाए जा रहे हैं, उनमें अच्छा प्रदर्शन करने और क्षेत्रीय समीकरणों के चलते कई राज्यमंत्रियों को प्रोन्नति, खराब प्रदर्शन करने वाले कई मंत्रियों की छुट्टी, नए चेहरों को जगह, सहयोगी दलों की फिर से एंट्री तथा कई मंत्रियों के विभागों का बोझ कम किया जाना शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार, संभावना व्यक्त की जा रही है कि कई मंत्रियों को प्रोन्नत किया जा सकता है। इनमें ऊर्जा मंत्री आरके सिंह, उर्वरक राज्यमंत्री मनसुख मंडाविया, कार्मिक राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह, पर्यावरण राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो के नामों की चर्चा में है। क्षेत्रीय एवं जातीय समीकरणों के आधार पर कुछ और राज्यमंत्रियों को भी प्रोन्नत किया जा सकता है। 

सूत्रों के अनुसार, खराब कार्य करने वाले कई मंत्रियों को हटाया जा सकता है। पिछली समीक्षा बैठकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं कह चुके हैं कि कड़े फैसले लेने होंगे। जिसका स्ष्ट संदेश यह है कि खराब कार्य करने वाले मंत्रियों को आगे जारी नहीं रखा जा सकता। कई कैबिनेट मंत्रियों के दो या इससे ज्यादा मंत्रालय हैं। ऐसे मंत्रियों के विभाग कम किए जा सकते हैं। नौ मंत्री ऐसे हैं जो एक से अधिक विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।