मनोज तिवारी बोले-देश की जनता का सब्र टूटने लगा है, 'जल्द हो राम मंदिर का निर्माण'

मनोज तिवारी बोले-देश की जनता का सब्र टूटने लगा है, 'जल्द हो राम मंदिर का निर्माण'

भोपाल 
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए चल रहे आंदोलन की सुगबुगाहट के बीच बीजेपी सांसद और दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी का बयान आया है, उन्होंने कहा कि देश की जनता के सब्र का बांध टूटने लगा है. अब जल्द से जल्द अयोध्या में राम मंदिर बनना चाहिए. मनोज तिवारी ने कहा कि बीजेपी के लिए राजनीतिक नहीं, बल्कि आस्था का मुद्दा है.

भोपाल में मीडिया से बात करते हुए मनोज तिवारी ने कहा, मुझे पूरा विश्वास है कि जनवरी में कोर्ट का फैसला आएगा और जनवरी के अंतिम सप्ताह में राम मंदिर बनना शुरू हो जाएगा. मनोज तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि राम मंदिर के फैसले को राहुल गांधी टालना चाहते हैं, लेकिन बीजेपी ने यह शपथ ली है कि अब रामलला टेंट में नहीं रहेंगे, बहुत जल्द भव्य राम मंदिर बनेगा. 

मनोज तिवारी ने राहुल गांधी को नॉन सीरियस व्यक्ति बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस का मूल चरित्र बांटो, काटो और राज करो का है. कांग्रेस अधर्म जानती है, बीजेपी धर्म जानती है. बीजेपी की मजबूती देखकर कांग्रेस हिंदू मुसलमानों को बांटने की कोशिश कर रही है.

मनोज तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके खिलाफ साजिश चल रही है, उन पर अटैक करने की कोशिश की जा रही है. हाल ही में हुए मिर्ची काण्ड पर मनोज तिवारी ने कहा कि वह फर्जी मिर्ची कांड कराया गया है.


मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ़ करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि जो काम दिल्ली में नहीं हुआ, वह काम शिवराज ने मध्य प्रदेश में कर दिया है. शिवराज ने प्रदेश की अवैध कॉलोनियों को वैध करके बड़ा फैसला किया है.