मंदिरों में देवी मां को पहनाया गया फेस मास्क, लोगों को दिया गया संदेश
कानपुर
उत्तर प्रदेश में कोरोना से हालात बेकाबू हो गए हैं। राजधानी लखनऊ, धर्मनगरी काशी और कानपुर सहित कई जिलों में लगातार तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार की ओर से प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं, साथ ही लोगों में भी सजगता दिखाई दे रही है। कानपुर में लोगों को फेस मास्क के लिए जागरूक करने के लिए मंदिर में देवी मां के मूर्तियों को भी मास्क पहनाया गया है। साथ ही, अपील की जा रही है कि बिना मास्क घर से न निकलें। बता दें, कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए यूपी सरकार ने मास्क अनिवार्य कर दिया है। बिना मास्क पकड़े जाने पर एक हजार रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा। अगर दोबारा बिना मास्क के पकड़े गए तो यह राशि 10 गुना तक बढ़ाई जा सकती है। ऐसे में मास्क जरूर लगाएं, खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
उत्तर प्रदेश के स्वास्थ विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कोरोना वायरस के 27,426 नए केस सामने आए हैं, जबकि 103 लोगों की मौत हुई है। राजधानी लखनऊ की बात करें तो यहां 6598 संक्रमित मरीज मिले हैं, जबकि 35 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा प्रयागराज में 1758 ,वाराणसी में 2344 और कानपुर में 1403 नए मामले सामने आए हैं। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1,11,835 है।
bhavtarini.com@gmail.com 
