-दमोह के पांच मंडल अध्यक्ष और सिद्धार्थ मलैया पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित
भोपाल। दमोह विधानसभा उपचुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में भाग लेने के कारण भारतीय जनता पार्टी ने दमोह जिले के अपने पांच मंडल अध्यक्षों और प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सिद्धार्थ मलैया को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई के साथ-साथ पूर्व विधायक जयंत मलैया को भी दमोह विधानसभा उपचुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश दमोह में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी को कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन ने 17000 से अधिक वोटों से पराजित किया था। कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए पूर्व विधायक राहुल सिंह लोधी ने अपनी पराजय के बाद पूर्व मंत्री जयंत मलैया सहित कुछ नेताओं पर पार्टी के साथ दगाबाजी करने का आरोप लगाया था, इसके बाद गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, केंद्रीय मंत्री एवं दमोह से सांसद प्रहलाद पटेल ने भी कुछ ऐसे ही संकेत देते हुए आरोप लगाया था। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने यहां तक कहा था कि यह चुनाव हारे नहीं है बल्कि जयचंदों ने हराया है।
मालूम हो कि शुक्रवार को शिवराज सिंह चौहान ने दमोह कलेक्टर एवं एसपी दोनों को हटा दिया। सरकार द्वारा की गई कार्रवाई के बाद संगठन ने भी चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम करने वाले नेताओं एवं पदाधिकारियों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए नोटिस जारी कर जवाब मांगा है, साथ ही कई पदाधिकारियों को पार्टी से बाहर का रास्ता भी दिखा दिया है।