कुलभूषण जाधव को मुहैया कराई जाएगी राजनयिक मदद: पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय

 कुलभूषण जाधव को मुहैया कराई जाएगी राजनयिक मदद: पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय

 
इस्लामाबाद 

अंतरराष्ट्रीय कोर्ट के फैसले के बाद कुलभूषण जाधव के मामले में अपनी गलती सुधारने के लिए मजबूर हुआ पाकिस्तान अब खुद को 'जिम्मेदार देश' बता रहा है। जी हां, इंटरनैशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (ICJ) के भारत के पक्ष में फैसला सुनाने के 24 घंटे बाद ही पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार देर रात बयान जारी किया। इसमें पाक मंत्रालय ने कहा है कि वह अपने देश के कानून के अनुसार भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को राजनयिक पहुंच मुहैया कराएगा और इसके लिए कार्यप्रणाली पर काम हो रहा है। गौरतलब है कि लगातार 16 बार पाकिस्तान ने जाधव को राजनयिक पहुंच देने से भारत को इनकार किया था। इसके बाद भारत ICJ पहुंचा और फिर अंतराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी। 
 
सभी कॉमेंट्स देखैंअपना कॉमेंट लिखेंपाक मंत्रालय की ओर से यह भी बताया गया है कि जाधव को राजनयिक संबंधों पर वियना संधि के तहत उनके अधिकारों से अवगत करा दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘आईसीजे के फैसले के आधार पर कुलभूषण जाधव को राजनयिक संबंधों पर वियना संधि के अनुच्छेद 36 के पैराग्राफ 1(बी) के तहत उनके अधिकारों के बारे में सूचित कर दिया गया है।’ पाक मंत्रालय ने कहा, ‘एक जिम्मेदार देश होने के नाते पाकिस्तान कुलभूषण जाधव को पाकिस्तान के कानूनों के अनुसार राजनयिक पहुंच मुहैया कराएगा, जिसके लिए कार्य प्रणालियों पर काम किया जा रहा है।’ 

आईसीजे ने पाकिस्तान को दिया था आदेश 
आपको बता दें अंतरराष्ट्रीय न्याय अदालत (आईसीजे) ने पाकिस्तान को जाधव को सुनाई गई फांसी की सजा पर प्रभावी तरीके से फिर से विचार करने और राजनयिक पहुंच प्रदान करने का बुधवार को आदेश दिया था। इसे भारत के लिए बड़ी जीत माना जा रहा है। भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त अधिकारी जाधव (49) को पाकिस्तान की सैन्य अदालत ने अप्रैल 2017 में सुनवाई के बाद जासूसी और आतंकवाद के झूठे आरोपों में फांसी की सजा सुनाई थी। इस पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी।