काशी में 18 फीट के शास्त्री, मोदी ने किया मूर्ति का अनावरण
वाराणसी
शनिवार को वाराणसी के दौरे पर पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने यहां पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की एक प्रतिमा का अनावरण किया। वाराणसी के बाबतपुर हवाई अड्डे के बाहर पीएम ने शास्त्री की 18 फीट ऊंची मूर्ति का अनावरण किया। इससे पहले पीएम यूपी विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री के रामनगर स्थित घर पर भी गए थे।
शनिवार को अनावरण के बाद काशी को समर्पित की गई करीब 70 लाख रुपये की लागत से बनी इस मूर्ति को वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री इंटरनैशनल एयरपोर्ट के बाहर लगाया गया है। पीएम ने लाल बहादुर शास्त्री की जिस प्रतिमा का उद्घाटन किया है, उसका डिजाइन प्रसिद्ध मूर्तिकार रामसुतार ने बनाया है। मूर्तिकार रामसुतार वही शख्स हैं, जिन्होंने गुजरात में बनी दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैचू ऑफ यूनिटी का डिजाइन बनाया था।
शास्त्री के घर भी गए थे नरेंद्र मोदी
वाराणसी में पूर्व पीएम की प्रतिमा के अनावरण से पहले पीएम मोदी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लाल बहादुर शास्त्री के बेटे सुनील शास्त्री और अनिल शास्त्री से मुलाकात भी की। 2017 के यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री के रामनगर स्थित घर भी गए थे, जहां उन्होंने शास्त्री के परिवार से मुलाकात की थी। नरेंद्र मोदी के कांग्रेस की सरकार के पीएम रहे शास्त्री के घर पहुंचने के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की महासचिव प्रियंका गांधी ने भी रामनगर में शास्त्री की प्रतिमा को माल्यार्पण किया था।
bhavtarini.com@gmail.com 
