अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक विकसित होगा रामजानकी मार्ग : योगी
लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने राम जानकी मार्ग को विकसित करने का फैसला किया है। यह मार्ग प्रदेश में श्रीराम जी की जन्म स्थली अयोध्या से शुरू होकर बिहार होते हुए नेपाल में मां जानकी के जन्म स्थल जनकपुरी तक विकसित होगा। सीएम यह बात बुधवार को भारत में नेपाल के राजदूत नीलाम्बर आचार्य से अपने आवास पर हुई मुलाकात में कही। मुख्यमंत्री ने कहा है कि भारत एवं नेपाल के बीच आवागमन की सुविधा के हिसाब से रुपईडीहा चेक पोस्ट के लिए करीब एक किमी में भूमि अधिग्रहण का कार्य हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए जनकपुर और अयोध्या के बीच ट्वीन सिटी एग्रीमेंट किया गया है। जिससे दोनों देशों के बीच बस का संचालन हो रहा है।
भाजपा की जीत में यूपी की भूमिका की सराहना
राजदूत नीलाम्ब आचार्य ने दिव्य और भव्य कुंभ के सफल आयोजन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। इसके साथ ही भारत में भाजपा की प्रचंड जीत में उत्तर प्रदेश की अहम भूमिका की सराहना भी की।
नेपाल के राजदूत संग जाएंगे बहराइच जाएंगे सीएम
राजदूत नीलाम्बर आचार्य ने कहा कि उन्होंने दो साल तक बहराइच के सरकारी इंटर कालेज में पढ़ाई की है। इस इंटर कालेज में नेपाल के बच्चे आज भी पढ़ते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बहराइच के सरकारी इंटर कालेज में वे खुद राजदूत नीलाम्बर आचार्य के साथ दौरा करेंगे।
पूर्वांचल में बाढ़ प्राकृतिक आपदा
राजदूत नीलाम्बर आचार्य ने कहा कि अक्सर यह चर्चा होती है कि नेपाल ने बाढ़ का पानी छोड़ दिया, जिससे उत्तर प्रदेश में बाढ़ आ गई। यह प्राकृतिक आपदा है, इसके लिए दोनों देशों को बेहतर और सकारात्मक कदम उठाने के बारे में सोचना चाहिए।
कैलाश मानसरोवर यात्रियों के लिए सहायता केंद्र
कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले उत्तर प्रदेश के यात्रियों के सहायतार्थ नेपाल सरकार के दूतावास द्वारा सिमीकोट एयरपोर्ट पर एक स्वागत कक्ष व सहायता केंद्र बनाए जाने पर विचार किया जा रहा है।
सीएम ने दिया आश्वासन
नेपाल के राजदूत ने बताया कि नेपाल राष्ट्र द्वारा निर्यात की जा रही मेडीसनल हर्बस (रोजिन और टरपेन्टाइन) पर उत्तर प्रदेश में परिवहन के लिए ट्रांजिट पास एवं अभिवहन शुल्क अदा करने को निर्यातकर्ता को रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ता है। उन्हें पूर्व की भांति बिना शुल्क अदा किए रोजिन एवं टरपेन्टाइन का परिवहन देश में करने दिया जाए। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है।
bhavtarini.com@gmail.com 
