कोलकाता. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में सत्तारुढ़ टीएमसी की प्रचंड बहुमत से वापसी के बाद सियासी हिंसा का दौर फिर शुरू हो गया है। परिणाम आने के साथ ही कोलकाता में बीजेपी कार्यालय में आग लगा दी गई। इसके बाद बीजेपी के दो कार्यकर्ताओं की पीट-पीटकर हत्या की खबर है। यही नहीं बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमले रुक नहीं रहे हैं। विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाए जाने पर गृह मंत्रालय ने बंगाल सरकार से रिपोर्ट मांगी है।
[embed]https://twitter.com/p_sahibsingh/status/1389252008620838917[/embed]
इधर, पार्टी कार्यकर्ताओं पर बढ़ रहे हमलों के बीच बीजेपी सांसद ने चेतावनी दी है। पश्चिमी दिल्ली सीट से बीजेपी सांसद परवेश साहिब सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि तृणमूल के नेताओं को भी दिल्ली आना है। पार्टी सांसद ने कहा कि टीएमसी के गुंडों ने चुनाव जीतते ही हमारे कार्यकर्ताओं को जान से मारा। कार्यकर्ताओं की गाड़ियां तोड़ीं। उपद्रवी उनके घरों को आग के हवाले कर रहे हैं। याद रखना टीएमसी के सांसद, मुख्यमंत्री, विधायकों को भी दिल्ली आना होगा। इसको चेतावनी समझ लेना। चुनाव में हार जीत होती है, मर्डर नहीं।
[embed]https://twitter.com/p_sahibsingh/status/1389423985985613826[/embed]
यही नहीं बीजेपी के एक अन्य सांसद ने भी ममता की पार्टी पर हमला बोलते हुए चेतावनी दी है। उत्तराखंड से बीजेपी सांसद अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक वीडियो भी शेयर किया। उन्होंने लिखा, तो बंगाल में हिंसा की ये स्क्रिप्ट पहले ही लिखी जा चुकी थी। खुद ममता बनर्जी ने मार्च में कह दिया था कि सेंट्रल फोर्स तो चली जाएगी। फिर कौन बचाएगा? उसके बाद तो हम ही होंगे। यानी बंगाल में हिंसा का जो खेल चल रहा है, वो टीएमसी ने पहले ही तय कर रखा था। शर्मनाक!
[embed]https://twitter.com/anil_baluni/status/1389414867296079873[/embed]
ममता की शह पर हो रहे हमले : बीजेपी
पश्चिम बंगाल में पार्टी कार्यकर्ताओं पर लगातार हो रहे हमलों के बाद बीजेपी ने टीएमसी पर आरोप लगाते हुए हमला बोला है। बीजेपी नेता एवं बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले ममता बनर्जी की शह पर हो रहे हैं। इस बीच पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को बंगाल के दौरे पर जा रहे हैं। उधर, बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में कार्यकर्ताओं पर हो रहे जानलेवा हमलों के विरोध में देशभर में धरना देने की बात कही है। पार्टी ने कहा कि 5 मई को पार्टी कार्यकर्ता हर मंडल में इस हिंसा के विरोध में धरना देंगे। इस दौरान कोविड-19 से संबंधित प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा।
[embed]https://twitter.com/BJP4India/status/1389265949132419074[/embed]
गृह मंत्रालय ने लिया संज्ञान
पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा की खबरों के बाद राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने सोमवार को पुलिस महानिदेशक (DGP) और कोलकाता पुलिस कमिश्नर को लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को लेकर तलब किया है। राज्यपाल ने पुलिस अफसरों से कानून का राज बहाल करने के लिए सभी कदम उठाने के लिए कहा गया है। उधर, केंद्रीय गृह मंत्रालय में पश्चिम बंगाल में हिंसा की खबरों के बाद संज्ञान लेते हुए बंगाल सरकार से रिपोर्ट मांगी है।
सत्ता में वापसी के बाद ममता की पराजय
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव में सत्तारुढ़ टीएमसी ने शानदार वापसी की है। हालांकि, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद अपनी सीट नहीं बचा सकीं। लगातार तीसरी बार सीएम पद की शपथ लेने जा रही ममता बनर्जी नंदीग्राम से बीजेपी प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी के हाथों हार का स्वाद चख चुकी हैं। पश्चिम बंगाल में टीएमसी को 214, बीजेपी को 76 सीटें मिली हैं। हालांकि, एक सीट निर्दलीय और एक सीट आरएसएमपी के खाते में गई है। यहां कांग्रेस और वामदल खाता तक नहीं खोल सके हैं।