प्रधानमंत्री शुक्रवार को जारी करेंगे पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त

प्रधानमंत्री शुक्रवार को जारी करेंगे पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त

सहकारिता मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा

जयपुर। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 मार्च (शुक्रवार) को 'पीएम-किसान उत्सव दिवस' के अवसर पर  पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त किसानों के बैंक खातों  में हस्तांतरित करेंगे। गुवाहाटी, असम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में देश के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक कृषकों को 18 हजार 640 करोड़ से अधिक की राशि हस्तान्तरित की जाएगी।

दक ने बताया कि राज्य के 66.76 लाख से अधिक किसानों को 1335 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जाएगी। प्रति किसान 2 हजार रुपये की राशि किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस अवसर पर राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान, दुर्गापुरा में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल होंगे। साथ ही, राज्य के सभी जिलों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने गुरुवार को दुर्गापुरा पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए।

योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की राशि तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। अब तक योजना के अंतर्गत 21 किस्तों के माध्यम से 4.09 लाख करोड़ की राशि हस्तान्तरित की जा चुकी है।