भारत टैक्सी अब चंडीगढ़ में भी, कल से होगी शुरुआत
चंडीगढ़, चंडीगढ़ में कैब सर्विस के क्षेत्र में अब एक नया विकल्प सामने आने जा रहा है। 18 सितंबर से शहर में ‘भारत टैक्सी’ सर्विस शुरू होने जा रही है। इसका उद्घाटन शाम 4 बजे चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर भी मौजूद रहेंगे।
सहकारी मॉडल पर तैयार किया गया कैब प्लेटफॉर्म
भारत टैक्सी को सहकारी मॉडल पर तैयार किया गया कैब प्लेटफॉर्म बताया जा रहा है। इसमें कैब ड्राइवरों को ‘सारथी’ के तौर पर जोड़ा जाएगा। प्लेटफॉर्म की खास बात यह है कि ड्राइवरों से राइड पर कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा और राइड से होने वाली कमाई सीधे ड्राइवर को मिलेगी। इतना ही नहीं, ड्राइवरों को इस प्लेटफॉर्म में हिस्सेदारी लेने का विकल्प भी दिया जाएगा। इसके लिए वे ₹500 का निवेश कर पांच शेयर ले सकेंगे।
Zero Surge Pricing का विकल्प
भारत टैक्सी में यात्रियों के लिए भी कुछ अलग सुविधाएं देने का दावा किया जा रहा है। सर्विस में फिक्स किराए और Zero Surge Pricing का विकल्प रखा गया है। यानी व्यस्त समय में डिमांड बढ़ने के साथ किराया अचानक बढ़ाने की व्यवस्था नहीं होगी।
कैब ही नहीं, बल्कि ऑटो और बाइक टैक्सी भी बुक की जा सकेगी
भारत टैक्सी के ऐप के जरिए सिर्फ कैब ही नहीं, बल्कि ऑटो और बाइक टैक्सी भी बुक की जा सकेगी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म पर वेरिफाइड ड्राइवर, GPS-आधारित लाइव ट्रैकिंग, SOS इमरजेंसी फीचर और कस्टमर सपोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई है। भारत टैक्सी की चंडीगढ़ में एंट्री ऐसे समय हो रही है, जब शहर में पहले से मौजूद कैब सर्विस को लेकर प्रशासन का सख्त रुख देखने को मिला है। चंडीगढ़ प्रशासन ने हाल ही में Ola, Uber और InDrive के लाइसेंस 6 महीने के लिए सस्पेंड किए हैं।
bhavtarini.com@gmail.com
