शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान, आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा दल मुस्तैद

शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान, आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा दल मुस्तैद

प्रदेशभर में सघन निरीक्षण अभियान

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खीवसर के निर्देशन में प्रदेश में संचालित “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आगामी त्योहारों को देखते हुए विभाग द्वारा विशेष त्योहारी अभियान के तहत प्रदेशभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण, खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग तथा अमानक एवं दूषित खाद्य सामग्री के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ ने बताया कि अभियान के तहत प्रदेशभर में एक ही दिन में 102 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा जांच के लिए 142 नमूने लिए गए। इनमें 92 एनफोर्समेंट तथा 50 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य केंद्रीय जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया अमानक, बासी/अवधिपार एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए गए 893 किलोग्राम से अधिक खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाए जाने पर 9 खाद्य कारोबारियों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए।

जयपुर में कार्रवाई

जयपुर प्रथम की टीम ने बजाज नगर स्थित हनुमान मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, सिंधी कैंप स्थित होटल जय मंगल पैलेस से पनीर तथा एम.बी. स्वीट्स से गुलाब जामुन के नमूने लिए।  जयपुर द्वितीय की टीम ने आगरा रोड, बगराना स्थित बिना फूड लाइसेंस संचालित मिठाई कारखाने पर कार्रवाई करते हुए करीब 300 किलो सोनपपड़ी नष्ट करवाई। बिना फूड लाइसेंस संचालन पाए जाने पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार अग्रिम आदेशों तक मशीनों को सील कर प्रतिष्ठान बंद करवाया गया।

सिरोही में लिए खाद्य पदार्थों के नमूने

सिरोही जिले के पिंडवाड़ा में भाग्य लक्ष्मी से काजू कतली एवं घी, जोधपुर मिष्ठान भंडार से सोनपपड़ी और  सोना मिष्ठान से दही-लस्सी के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

टोंक में अवधिपार खाद्य तेल नष्ट

टोंक जिले में डिग्गी मेले एवं विभाग द्वारा चलाए जा रहे त्योहारी सीजन अभियान के तहत चौसला एवं डिग्गी नुक्कड़ पर दो प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इस दौरान 11 लीटर अवधिपार रिफाइंड पाम ऑयल नष्ट करवाया गया।

खैरथल-तिजारा में भी सैंपलिंग

खैरथल-तिजारा में विजय डेयरी, सखी डेयरी, भगत जी मिष्ठान भंडार एवं जाहिद डेयरी सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों से कलाकंद, देसी घी, मिश्रित दूध, बर्फी एवं मावा के नमूने लिए गए।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही विक्रय करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।