कुलदीप पुरले ने बढ़ाया मुंगेली जिले का मान, गौ विज्ञान परीक्षा में प्रदेश में द्वितीय स्थान

कुलदीप पुरले ने बढ़ाया मुंगेली जिले का मान, गौ विज्ञान परीक्षा में प्रदेश में द्वितीय स्थान

रायपुर, मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के छात्र कुलदीप पुरले ने तृतीय चरण राज्य स्तरीय गौ विज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बी श्रेणी में प्रदेशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर उन्हें 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं सम्मान प्रदान किया गया। रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित गौ सेवा संगम, गौ सेवकों के अभिनंदन एवं गौ विज्ञान परीक्षा-2025 के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुलदीप पुरले को सम्मानित किया।

    कुलदीप की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट में सम्मानित किया और उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे, गौ विज्ञान परीक्षा के जिला संयोजक गौकरण डिंडोले, लेखराम साहू सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष आयोजित गौ विज्ञान परीक्षा में प्रदेशभर के एक लाख 68 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया। विभिन्न जिलों से चयनित 510 प्रतिभागियों ने राज्य स्तरीय परीक्षा में हिस्सा लिया, जिनमें मुंगेली जिले के 12  विद्यार्थियों को प्रतिनिधित्व का अवसर मिला। इनमें से शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मनोहरपुर के छात्र कुलदीप पुरले ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल किया। गौ विज्ञान परीक्षा के माध्यम से गौ संरक्षण, संवर्धन, गौ आधारित कृषि, जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।