स्व-सहायता समूहों का होली मेला भोपाल हाट में 28 फरवरी से 1 मार्च तक

स्व-सहायता समूहों का होली मेला भोपाल हाट में 28 फरवरी से 1 मार्च तक

समूहों द्वारा तैयार किये गये प्राकृतिक रंग, वस्त्र, पकवान एवं होली से संबंधित अन्य सामग्री उपलब्ध रहेगी

भोपाल, होली के अवसर पर भोपाल हाट में दो दिवसीय विशेष होली मेला 28 फरवरी से 01 मार्च को आयोजित किया जा रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह 28 फरवरी को सुबह 10 बजे मेले का शुभारंभ करेंगीI मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा आयोजित किए जा रहे इस मेले में होली के दृष्टिगत विशेष उत्‍पाद लेकर विभिन्‍न जिलों के ग्रामीण अंचलों से समूहों की दीदियां आ रही हैं। मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात्रि 09 बजे तक खुलेगा। इसके अतिरक्‍त भोपाल हाट में ही स्थित आजीविका मार्ट में होली संबंधित सामग्री 21 फरवरी से विशेष रूप से उपलब्‍ध कराई गई है।

 प्रकृति एवं पर्यावरण के हित को ध्‍यान में रखते हुये इस बार होली पर विशेष रूप से प्राकृतिक रंग, पूजन सामग्री, गौ-काष्‍ठ, मिठाइयाँ, नमकीन, घी, वस्‍त्र एवं अन्य उत्पाद स्व-सहायता समूहों की बहनों द्वारा तैयार किये गये हैं। समूहों के उत्‍पादों से खास तौर पर तैयार किये गये होली हेम्‍पर का विमोचन 25 फरवरी को मुख्‍यमंत्री द्वारा स्व-सहायता समूहों की विपणन क्षमता वर्धन कार्यशाला में किया जा चुका है।     

स्‍व-सहायता समूहों के उत्‍पादों के विक्रय सह प्रदर्शन तथा समूह सदस्‍यों की आय में वृद्धि के लिये मिशन द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इसी क्रम में इस होली में प्राकृतिक रंगों, मिठास और उमंग के साथ होली मनाने के लिये आजीविका की बहनों ने खास तैयारियां की हैं।

समूहों द्वारा तैयार की गई बस्‍तुयें विभिन्‍न जिलों में स्थित आजीविका रूरल मार्ट में तथा ज़िलों में आयोजित किेये जा रहे जिला स्‍तरीय होली मेलों में भी उपलब्‍ध रहेंगी। मेले में प्रदेश के विभिन्न अंचलों के लोकप्रिय क्षेत्रीय व्यंजनों का स्वाद भी लिया जा सकेगा। विशेष कर इंदौरी पोहा जलेबी, मुरैना की बेड़ई-सब्जी एवं चासनी की गुजिया, जबलपुर की मगज की गुजिया, रीबा की मावा गुजिया, रतलाम के नमकीन सेव और इंदौर की ठंडाई उपलब्ध रहेगी। मेले में मनोरंजन के लिए प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगेI

होली हैम्‍पर एक नजर

प्रकृति एवं पर्यावरण के हित को ध्‍यान में रखते हुये इस वार होली पर विशेष रूप से प्राकृतिक रंग, पूजन सामग्री, गौ-काष्‍ठ उत्‍पाद- गुलेरी, गोबर, गणेश, धूपबत्‍ती आदि विभिन्‍न प्रकार की मिठाइयाँ, गुजिया नमकीन, ठण्‍डाई वस्‍त्र एवं अन्य उत्पाद समूहों की बहनों द्वारा तैयार किये गये हैं। इन्‍हें एक आकर्षक होली हेम्‍पर में संयोजित किया गया है।