महतारी वंदन योजना से शुरू किया बकरी पालन

महतारी वंदन योजना से शुरू किया बकरी पालन

रायपुर, छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के अंतर्गत प्राप्त राशि का सदुपयोग कर महिलाएं अपने आजीविका के साधनों का विस्तार कर रही हैं। इसी क्रम में सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम घोटला (छोटे) की निवासी अमारीन मांझी ने योजना से मिली राशि का उपयोग कर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

अमारीन मांझी ने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्राप्त प्रति माह एक हजार रुपये की राशि को खर्च करने के बजाय लगातार नौ माह तक बचत की। इस प्रकार संचित 9 हजार रुपये से उन्होंने तीन बकरियां खरीदकर बकरी पालन का कार्य प्रारंभ किया। वर्तमान में वे बकरी पालन से अपनी आय बढ़ाने की दिशा में प्रयासरत हैं और इससे होने वाले लाभ को लेकर उत्साहित हैं।

अमारीन मांझी बताती हैं कि महतारी वंदन योजना उनके लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुई है। इस योजना से उन्हें स्वरोजगार प्रारंभ करने का अवसर मिला है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है। आज अमारीन मांझी गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं। वे अपने अनुभव साझा करते हुए अन्य महिलाओं को भी शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।