मुख्य सचिव ने की आईपीडी टावर के कार्यों की समीक्षा -
जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में सोमवार को एसएमएस मेडिकल कॉलेज में आयोजित समीक्षा बैठक में निर्माणाधीन आईपीडी टावर के कार्यों एवं संचालन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने टावर में चिकित्सा उपकरणों की स्थापना, बेड क्षमता, चिकित्सकीय एवं नर्सिंग स्टाफ, मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं सहित विभिन्न कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने फायर सेफ्टी, एम्बुलेंस की आवाजाही के लिए रैंप तथा मरीजों की सुरक्षा एवं सुविधा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि आईपीडी टावर के संचालन के लिए आवश्यक चिकित्सकों, नर्सिंग एवं अन्य स्टाफ की पृथक एवं पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि टावर शुरू होने के बाद मरीजों को उपचार एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि टावर में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ मरीजों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
श्रीनिवास ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप आईपीडी टावर का कार्य निर्धारित समय में पूरा कर इसे शीघ्र आमजन के लिए शुरू किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि आईपीडी टावर में उपचार एवं अन्य सुविधाओं के शुल्क इस प्रकार निर्धारित किए जाएं कि मरीजों एवं उनके परिजनों पर अनावश्यक वित्तीय भार नहीं पड़े। उन्होंने एम्स एवं अन्य राष्ट्रीय स्तर के चिकित्सा संस्थानों में लागू व्यवस्थाओं का अध्ययन कर मरीज हित में उपयुक्त शुल्क निर्धारण की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ सहित विभागीय अधिकारी, चिकित्सक, विभागाध्यक्ष उपस्थित रहें।
bhavtarini.com@gmail.com

