10वीं की छात्रा से गैंगरेप, पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा
मनकापुर।
उत्तर प्रदेश में गोंडा के मनकापुर कोतवाली क्षेत्र में हाईस्कूल की एक छात्रा से गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वारदात अंजाम देने वालों ने छात्रा के विरोध करने पर उसके हाथों पर चाकू से वार किए जिससे वह जख्मी हो गई। दबंगों की धमकी से पीड़िता डरी सहमी रही। मंगलवार देर शाम एक नामजद और तीन अज्ञात के विरूद्ध गैंगरेप का मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल ने बताया कि वारदात मंगलवार दोपहर बाद की है, पुलिस के पास पीड़िता का परिवार रात को पहुंचा। पीड़िता को मेडिकल के लिए गोंडा भेजा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक स्कूल से छुट्टी होने के बाद छात्रा साइकिल से वापस घर लौट रही थी। इसी नाबालिग छात्रा को चार लोगों ने बेलभरिया राजा साहब फार्म के पास दिन दहाड़े रोक लिया। छात्रा को साइकिल से खींच कर उतार कर पास के गन्ने के खेत में खींच ले गए। विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया गया। वहशियों ने छात्रा के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया। धमकी दी कि घर वालों और पुलिस को बताया तो जान से मार देगें। इससे छात्रा सहम गई। परिवार वालों को शाम को शक हुआ तो उससे पूछा। तब पीड़िता ने परिवार को आपबीती बताई।
पुलिस ने पीड़ित छात्रा की तहरीर पर खदेरू पुत्र बाबूराम निवासी कटहर बुटहनी मजरा सरहवा मनकापुर व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ गैंगरेप,पास्को सहित विभिन्न धाराओं में मंगलवार देर रात्रि में एफआई आर दर्ज की है। कोतवाल केके राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज करके जांच की जा रही है। सभी आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
bhavtarini.com@gmail.com 
