इंदौर में पॉजिटिव 6618 देश में अब 49वें नंबर पर

इंदौर में पॉजिटिव 6618 देश में अब 49वें नंबर पर

इंदौर
शहर में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 10,049 हो गया है। अब तक एक दिन में सबसे ज्यादा 245 नए मरीज मिले और दो की मौत हो गई। अगस्त में तीसरी बार 200 से अधिक मरीज सामने आए हैं। शनिवार को 214, जबकि 9 अगस्त को 208 मरीज मिले थे। दो दिन में 459 में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सिर्फ पांच दिन में मरीजों का आंकड़ा 9 से 10 हजार तक पहुंच गया है। राहत की बात यह है कि एक्टिव मरीज (जिनका इलाज चल रहा) 3087 ही हैं। बाकी 6618 ठीक हो चुके हैं। कोरोना संक्रमितों के मामले में इंदौर देश में 49वें नंबर पर आ गया है। कलेक्टर मनीषसिंह का कहना है, बाजार खुले हैं तो नंबर तब तक बढ़ेंगे, जब तक लोगों में हर्ड इम्युनिटी या वैक्सीन न आ जाए।

लापरवाही: 70 से ज्यादा लोग देर रात करते रहे उच्च शिक्षा मंत्री का सत्कार
उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव शनिवार को इंदौर आए। साउथ तुकोगंज क्षेत्र की होटल में मंत्री के सत्कार के लिए देर रात तक 70 से ज्यादा लोग जमा थे। जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम गुलशन यादव की ओर से रखा गया था।

संक्रमण: एमआईजी टीआई, सब इंस्पेक्टर और सिपाही भी संक्रमित
एमआईजी टीआई विजय सिसौदिया कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने लॉकडाउन में होस्टल में फंसे छात्रों व बस्तियों में हर दिन 500 पैकेट भोजन के बांटे थे। एसआई मंजुलता अहिरवार व सिपाही अनिल पाटिल भी पॉजिटिव आए हैं।

राहत: शहर में अब सिर्फ 20 मिनट में पता चलेगा कोरोना है या नहीं
कोरोना मरीजों की जल्द पहचान के लिए शहर में अब रैपिड एंटीजन टेस्ट होगा। इसके लिए 12 हजार किट मिली हैं। बुधवार से टीमों को इसकी ट्रेनिंग देंगे। इस किट से सिर्फ 20 मिनट में पता चल जाएगा कि कोरोना है या नहीं।