होमगार्ड जवान से उठक-बैठक कराने वाला अधिकारी हुआ निलंबित
पटना
बिहार के अररिया में कोरोना ड्यूटी के दौरान तैनात होमगार्ड जवान के साथ बदसलूकी मामले में तत्कालिन जिला कृषि पदाधिकारी को निलंबित कर दिया गया है. बिहार के कृषि मंत्री डॉक्टर प्रेम कुमार ने जांच रिपोर्ट के आधार पर मनोज कुमार को निलंबित किया है.
उन्होंने ट्विटर के जरिए कहा कि कोरोना के खिलाफ महायुद्ध में शामिल प्रत्येक योद्धा चाहे वह छोटे पद पर हो बड़े पद पर उनका सम्मान हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. सबका सम्मान हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है और हमारा धर्म भी.
अररिया के तात्कालीन जिला कृषि पदाधिकारी की जाँच रिपोर्ट आ गई है जिसके मद्देनजर उनको तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कोरोना योद्धाओं- सेनानियों का सम्मान हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सबका सम्मान हमारी नैतिक जिम्मेवारी भी है और हमारा धर्म भी है।
बता दें कि कुछ दिनों पहले अररिया में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें जिला कृषि पदाधिकारी मनोज कुमार को होमगार्ड गणेश तत्मा को सजा के तौर पर उठक-बैठक करवाते देखा गया था. पुलिस ने अपनी जांच में पाया था कि घटना 17 अप्रैल की थी, लेकिन सोशल मीडिया के जरिए ये मामला 20 अप्रैल को सामने आया था.
होमगार्ड की गलती बस इतनी थी कि लॉकडाउन के दौरान अपनी ड्यूटी करते वक्त उसने मनोज कुमार की गाड़ी को रोका था. इस बात पर कृषि पदाधिकारी इतना नाराज हो गए थे कि उन्होंने होमगार्ड को जेल भेजने की धमकी दे डाली थी. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस विभाग ने मौके पर मौजूद एएसआई गोविंद सिंह को सस्पेंड कर दिया था क्योंकि उसने भी कृषि पदाधिकारी का ही साथ दिया था.
bhavtarini.com@gmail.com 
