CM मान ने दी मंजूरी पंजाब पुलिस में 450 ASI पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी
चंडीगढ़। पंजाब पुलिस में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब पुलिस में 450 असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी दे दी है। यह फैसला गृह विभाग के कामकाज की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में लिया गया।
सरकार के अनुसार भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट के आधार पर पूरी की जाएगी। इस भर्ती के जरिए योग्य युवाओं को पंजाब पुलिस में शामिल होने का अवसर मिलेगा। साथ ही पुलिस विभाग में कर्मचारियों की कमी को दूर करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
पंजाब पुलिस में ASI के 6810 स्वीकृत पद
सरकार के मुताबिक पंजाब पुलिस के पांच अलग-अलग कैडर में ASI के कुल 6810 स्वीकृत पद हैं। इनमें जिला पुलिस, आर्म्ड पुलिस, ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन, इंटेलिजेंस और टेक्निकल सपोर्ट सर्विस शामिल हैं।
सरकार ने मौजूदा और भविष्य में संभावित रिक्तियों का आकलन करने के बाद भर्ती और पदोन्नति की योजना तैयार की है।
पदोन्नति के साथ सीधी भर्ती का फैसला
जानकारी के अनुसार चार कैडर में करीब 70 प्रतिशत रिक्तियां पदोन्नति के माध्यम से भरे जाने की संभावना है। वहीं आर्म्ड कैडर में यह अनुपात करीब 90 प्रतिशत बताया गया है।
पदोन्नति के लिए आवश्यक पदों को ध्यान में रखने के बाद सरकार ने 450 ASI पदों पर सीधी भर्ती करने का निर्णय लिया है।
जल्द पूरी होंगी भर्ती से जुड़ी औपचारिकताएं
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का कहना है कि चयन प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार मजबूत पुलिस बल के लिए केवल कर्मचारियों की संख्या बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन और जरूरी संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।
युवाओं के लिए क्या है खास?
पंजाब पुलिस में 450 ASI पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी मिल चुकी है। हालांकि अभी आवेदन की तारीख, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, आवेदन शुल्क और परीक्षा पैटर्न से संबंधित विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है।
इच्छुक अभ्यर्थियों को आधिकारिक भर्ती विज्ञापन जारी होने का इंतजार करना होगा। भर्ती की अधिसूचना जारी होने के बाद आवेदन प्रक्रिया और पात्रता से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट हो जाएगी।
bhavtarini.com@gmail.com
