एक अक्टूबर को सपनों की उड़ान, सशक्त युवा संवाद कार्यक्रम में CM भजनलाल करेंगे युवाओं से संवाद, दिलाएंगे नशामुक्ति शपथ

एक अक्टूबर को सपनों की उड़ान, सशक्त युवा संवाद कार्यक्रम में CM भजनलाल करेंगे युवाओं से संवाद, दिलाएंगे नशामुक्ति शपथ

जयपुर। राज्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान —जन सेवा हो प्रभु सेवा के अंतर्गत सपनों की उड़ान - सशक्त युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन 1 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे भवानी निकेतन महाविद्यालय परिसर  में होगा। इस संबंध में जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित हितधारकों के साथ बैठक आयोजित हुई।

 

जिला कलक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में प्रस्तावित उक्त कार्यक्रम में करीब दस हजार युवाओं की सशक्त भागीदारी होगी।

इस दौरान कार्यक्रम में लघु फिल्म ‘नई किरण’ का प्रदर्शन, नशा मुक्त पर नुक्कड़ नाटक, माय भारत पोर्टल पर नशा मुक्ति क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ, प्रतिभा/खेल मित्र एवं खेलो राजस्थान गेम्स पोर्टल का शुभारंभ, एशियाई खेल विजेताओं का सम्मान, मुख्यमंत्री का ‘युवा संवाद’, नशा मुक्ति शपथ, उद्बोधन तथा राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। कार्यक्रम में सेवा के रंग नशा मुक्त युवा थीम पर आधारित मांडना रंगोली का निर्माण भी किया जाएगा। शिक्षा विभाग के सहयोग से सेवा के रंग-नशा मुक्त युवा थीम आधारित मानव श्रंखला का आयोजन होगा।

जिला कलक्टर ने इस दौरान स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा (मय एम्बूलेंस व चिकित्सकीय दल) , सुरक्षा, स्वच्छता, दमकल, चल शौचालयों, निर्बाध विद्युत आपूर्ति आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। इस दौरान जिला कलक्टर ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, नशामुक्ति के क्षेत्र में कार्य करने वाले गैर सरकारी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं आदि के प्रतिनिधियों को कार्यक्रम में युवाओं की सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस मृणाल कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर दक्षिण युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर उत्तर राजेंद्र सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय देवयानी, जिला रसद अधिकारी प्रथम प्रियव्रत सिंह चारण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।