हियुवा नगर संयोजक की गिरफ्तारी को लेकर थाने में बवाल, पुलिस ने भांजी लाठियां

 हियुवा नगर संयोजक की गिरफ्तारी को लेकर थाने में बवाल, पुलिस ने भांजी लाठियां

 देवरिया 
उत्‍‍‍तर प्रदेश केे देवरिया के रामपुर कारखाना थाना में शनिवार को हिंदू युवा वाहिनी के दर्जनों कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। इस दौरान जमकर नोकझोंक और हंगामा हुआ। हियुवा नगर संयोजक को गिरफ्तार करने पर आक्रोशित थे। पुलिस ने लाठियां भांजकर कार्यकर्ताओं को थाने से बाहर खदेड़ा। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारे लगाए। नगर पंचायत रामपुर कारखाना के सोनार टोली वार्ड में विवादित जमीन से पुलिस ने कोर्ट के आदेश का हवाला देकर शुक्रवार को एक पक्ष का कब्जा हटवा कर दूसरे का ताला बंद करा दिया था। मामले में पुलिस ने तनाव के बाद दोनों पक्षों और हिंदू युवा वाहिनी के नगर अध्यक्ष राजू यादव समेत आधा दर्जन कार्यकर्ताओं को थाने पर बिठा लिया था। बाद में पुलिस ने निजी मुचलके पर दोनों पक्षों और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं को छोड़ दिया।
 
देर रात विवादित भूमि के पास दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। कब्जा हटाने और दोबारा कब्जा करने के प्रयास में दोनों पक्षों ने मारपीट कर लिया। शनिवार को हिंदू युवा वाहिनी के नगर संयोजक सतीश वर्मा ने पुलिस से कब्जा हटाने का कागजात दिखाने को कहा। लेकिन पुलिस ने कागजात दिखाने से इनकार कर दिया। इसके बाद विवादित भूमि के पास ही पुलिस और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं में नोकझोंक होने लगी।

भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष गोपाल प्रसाद राजभर हिंदू युवा वाहिनी के नगर संयोजक सतीश वर्मा को अभद्र तरीके से थाने पर ले आए। उनके हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलते ही महामंत्री सुरेंद्र चौरसिया, जीतेश पांडेय समेत दर्जनों कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। सतीश वर्मा को छोड़े जाने की मांग पर कार्यकर्ताओं और पुलिस में नोकझोंक के बाद झड़प हो गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ थाने में भी जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान समाधान दिवस के मौके पर एडिशनल एसपी डॉ रामयश सिंह पहुंच गए। उन्होंने सभी को समझा कर मामले को शांत कराया लेकिन उनके जाते ही दुबारा हियुवा कार्यकर्ताओं और पुलिस में नोकझोंक होने लगी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने लाठी भांज कर कार्यकर्ताओं को थाने से बाहर खदेड़ दिया है।