राप्रसे से भाप्रसे बनने के लिए अभी तक तय नहीं हुई डीपीसी बैठक की तारीख, मिलेंगे दो नए आईएएस

राप्रसे से भाप्रसे बनने के लिए अभी तक तय नहीं हुई डीपीसी बैठक की तारीख, मिलेंगे दो नए आईएएस

भोपाल
प्रदेश के जल्द ही दो नए आईएएस अधिकारी मिलेंगे। ये दोनों ही अफसर वैवाहिक कारणों से एमपी कैडर में शामिल हुए हैं और डीओपीटी ने इनके कैडर बदलाव को मंजूरी भी दे दी है। उधर एमपी सरकार से मोहभंग के बाद महाराष्ट्र कैडर की डिमांड के लिए प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन कर चुके राज्य शिक्षा केंद्र के अपर मिशन संचालक लोकेश जांगिड़ के मामले में फिलहाल कोई निर्णय नहीं हुआ है।

दूसरी ओर राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों को आईएएस कैडर का इंतजार है। इसके लिए डीओपीटी ने अब तक तारीख तय नहीं की है।  जिन आईएएस अफसरों को एमपी कैडर की अनुमति डीओपीटी ने दी है, उनमें कर्नाटक कैडर की 2018 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. नेहा जैन को एमपी और कर्नाटक राज्य सरकार की सहमति के बाद एमपी कैडर मिल गया है। नेहा जैन 2018 बैच के आईएएस अफसर प्रथम कौशिक के साथ विवाह बंधन में बंधने के बाद इस कैडर में आ रही हैं। इसी तरह तमिलनाडु कैडर की 2018 बैच की ही आईएएस अधिकारी ज्योति शर्मा को भी एमपी कैडर के इसी बैच के अधिकारी अनुराग तिवारी के साथ विवाह के आधार पर एमपी कैडर मिल गया है। इन दोनों ही अधिकारियों को इसी माह एमपी कैडर अलाट हुआ है और जल्द ही एमपी में ये आमद देंगे। दूसरी ओर बड़वानी अपर कलेक्टर पद से तबादले के बाद चर्चा में आए एमपी कैडर के आईएएस अधिकारी लोकेश जांगिड़ के प्रतिनियुक्ति आवेदन के मामले में फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है।

इन्होंने मुख्य सचिव को आवेदन कर महाराष्ट्र कैडर के लिए प्रतिनियुक्ति की एनओसी देने का अनुरोध किया था। जांगिड़ इस समय स्कूल चलें हम अभियान को लेकर जिलों के दौरे कर रहे हैं।

उधर एसएएस से आईएएस अवार्ड के लिए 4 माह से तारीख का ऐलान नहीं हो सका है। राप्रसे के 18 अफसरों को डीपीसी के बाद आईएएस बनने का मौका है और तारीख का ऐलान नहीं होने से वे आईएएस नहीं बन पा रहे हैं। जिन अफसरों का नाम डीपीसी के लिए संभावित है, उसके लिए 54 अफसरों के नामों पर विचार होगा। पुराने अफसरों में 94 बैच के विवेक सिंह और 95 बैच के पंकज शर्मा के नाम पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा वरदमूर्ति मिश्रा, विनय निगम के अलावा 1998 और 1999 बैच के सुधीर कोचर, रानी बाटड, चंद्रशेखर शुक्ला, त्रिभुवन नारायण सिंह, नारायण प्रसाद नामदेव, दिलीप कुमार कापसे, बुद्धेश वैद्य, जयेन्द्र कुमार विजयवत, डॉ अभय अरविंद बेडेकर, अजय देव, नियाज अहमद खान, मनोज मालवीय, नीतू माथुर, अंजू पवन भदौरिया और जमना भिड़े समेत अन्य नामों पर चर्चा होगी।