यात्री परेशान, फ्लाइट कैंसल होने पर न मिला रिफंड और न मदद
लखनऊ
अनलॉक-1 में घरेलू उड़ानें सीमित संख्या में बहाल होने से राहत जरूर मिली है लेकिन उसके साथ ही नई समस्या यात्री रोजाना झेल रहे हैं। वह यह है कि आखिरी समय उड़ान निरस्त होने का संदेश मिल रहा है। सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसे पोस्ट की बाढ़ आई हुई है।
यशराज फिल्म्स के स्क्रिप्ट सुपरवाइजर निशीथ चन्द्रा ने फेसबुक पर अपनी पीड़ा लिखी। उन्होंने बताया कि घर में इमरजेंसी की वजह से उनको मुम्बई से लखनऊ आना था। उन्होंने गोएयर की कनेक्टिंग उड़ान का मुम्बई से दिल्ली फिर लखनऊ तक का टिकट बुक किया। उन्हें एसएमएस मिला कि 7 जून की शाम तक वेब चेकइन कर लें। निशीथ ने तय समय पर वेब चेकइन किया। अगले दिन सुबह एसएमएस आया कि दिल्ली-लखनऊ उड़ान निरस्त है। शाम तक पता चला कि मुम्बई से दिल्ली उड़ान भी निरस्त हो गई।
इस पर उन्होंने गोएयर की नोडल अफसर निधि वोरा को मेल किया जिसका ऑटोमैटिक रिप्लाई आया एक कम्प्लेंट नंबर 8-01088387 के साथ। हेल्पलाइन नंबर 18002100999 पर प्रतिनिधि ने समस्या सुनते ही फोन काट दिया। सीमा तिवारी को लखनऊ से पुणे जाना था। 7 जून का टिकट लखनऊ से दिल्ली फिर पुणे का बुक कराया। उसी दिन पता चला कि उड़ान निरस्त है। 8 का टिकट मिला और 8 को पता चला कि निरस्त हो गई। फिर एसएमएस आया कि 10 की सुबह उड़ान है। एयरपोर्ट पहुंचीं तो पता चला कि रात की फ्लाइट है। गो एयर का पक्ष जानने के लिए उनके वाइस प्रेसिंडेंट कॉरपोरेट कम्युनिकेशन के नम्बर पर कॉल की गई लेकिन फोन नहीं उठा।
भटक रहे यात्री
केजीएमयू के एक डॉक्टर ने लखनऊ से दिल्ली फिर लॉस एजेंलिस का टिकट जनवरी में बुक कराया था। मगर फिर लॉकडाउन हो गया। तब से वह रिफंड के लिए एयर इंडिया के काउंटर के चक्कर लगा रहे हैं। गाजियाबाद के एक परिवार ने दिल्ली से गोवाहाटी का टिकट बुक कराया था। अब वह भी रिफंड के लिए भटक रहे हैं। एयर इंडिया कर्मचारियों का कहना है कि विदेश की उड़ान के लिए दिशा निर्देश जारी होते ही यात्रियों को बता दिया जाएगा।
bhavtarini.com@gmail.com

