भोपाल, होशंगाबाद में भारी बारिश के आसार

भोपाल, होशंगाबाद में भारी बारिश के आसार

 भोपाल
 प्रदेश के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। उधर बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र गहरे कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है। मानसून ट्रफ भी रीवा से होकर गुजर रहा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो-तीन दिन तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला बना रहेगा। इसी क्रम में शनिवार-रविवार को सागर, रीवा, जबलपुर, शहडोल, भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के जिलों में तेज बौछारें पड़ने के आसार हैं। इस दौरान भोपाल, होशंगाबाद संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक खंडवा में 122, शाजापुर में 55, उज्जैन में 31, भोपाल में 23.2, गुना में 22, सतना में 14, इंदौर में 9.8, मलाजखंड में आठ, भोपाल (शहर), होशंगाबाद में छह, मंडला, खरगोन में पांच, पचमढ़ी में तीन मिलीमीटर बारिश हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 24.7 डिग्रीसेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से पांच डिग्रीसे. कम रहा। साथ ही गुरुवार के अधिकतम तापमान (29.5 डिग्रीसे.) की तुलना में 4.8 डिग्रीसे. कम रहा। न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया। जो सामान्य रहा।