बदलने लगा बिहार का मौसम, धीरे-धीरे चढ़ेगा पारा, दिन में बढ़ेगी गर्मी, सुबह और शाम रहेगी मामूली ठंड

बदलने लगा बिहार का मौसम, धीरे-धीरे चढ़ेगा पारा, दिन में बढ़ेगी गर्मी, सुबह और शाम रहेगी मामूली ठंड

पटना 
बिहार के मौसम में बदलाव आने लगा है। दिन में धूप कड़ी होती जा रही है और अधिकतम पारा ऊपर चढ़ने लगा है। हवा में भी पहले की तरह कनकनी नहीं है। हालांकि, सुबह-शाम अब भी ठंड की स्थिति है। सभी शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से तीन डिग्री तक नीचे है। 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी क्षेत्र की ओर एक चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। इससे उत्तर बिहार में काफी मात्रा में नमी आ रही है। मौसमविदों का कहना है कि इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से इस इलाके में रात के तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। दक्षिण बिहार में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव के आसार नहीं हैं। 

मौसम में आए बदलावों के बीच पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया सहित अन्य शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास आ चुका है। अगले हफ्ते से इसमें तीन डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे दिन में गर्मी का अहसास होगा। हालांकि शाम में अगले कुछ दिनों तक ठंड बनी रहेगी। उत्तर बिहार को छोड़कर अन्य इलाकों में उत्तर पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बना हुआ है। 

पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे कम पारा डेहरी में 7.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि भागलपुर में सबसे अधिकतम पारा 26.5 डिग्री दर्ज किया गया। पटना और गया में सुबह में कुछ देर के लिए मामूली कोहरा रहा लेकिन धूप निकलते ही मौसम साफ हो गया।