बंगाल सरकार कोरोना पर जागी, स्कूलों को दिया बंद करने का आदेश
कोलकाता
पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के स्कूलों को गर्मियों की छुट्टियों के लिए मंगलवार से बंद करने का ऐलान किया है। सीएम ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि कोरोना संकट से निपटने के लिए पहले ही गर्मियों की छुट्टियां करने का फैसला लिया गया है। हालांकि उन्होंने राज्य में किसी भी तरह के लॉकडाउन या फिर नाइट कर्फ्यू की आशंका को खारिज किया है, जैसा कि देश के कई राज्यों और शहरों में हुआ है। उन्होंने लोगों से कोरोना से न घबराने की अपील करते हुए कहा कि लॉकडाउन या फिर नाइट कर्फ्यू कोई समाधान नहीं है।
उत्तर बंगाल के मालदा में मीडिया से बात करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, 'मंगलवार से जून तक के लिए स्कूलों को बंद किया जा रहा है। आमतौर पर गर्मियों की छुट्टियां स्कूलों में मई से होती है, लेकिन पहले भी हम भीषण गर्मी के चलते अप्रैल में ही स्कूलों को बंद करने का फैसला ले चुके हैं।' पश्चिम बंगाल में करीब 11 महीनों के अंतराल के बाद 12 फरवरी से 9 से 12वीं क्लास के छात्रों के लिए स्कूल खोले गए थे। भले ही राज्य सरकार ने एक बार फिर से स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है. लेकिन बंगाल में कई निजी स्कूलों की ओर से पहले ही ऑफलाइन क्लासेज को सस्पेंड किया जा चुका है।
इसके अलावा राज्य के सरकारी दफ्तरों में बीते सप्ताह से ही 50 फीसदी कर्मचारी ही आ रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि हम कर्मचारियों से वर्क फ्रॉम होम कराने पर जोर दे रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा, 'मैंने चुनाव आयोग से आखिरी के तीन चरणों का मतदान एक बार में ही कराने की अपील की थी। इलेक्शन की प्रक्रिया जितनी जल्दी खत्म होगी, हम कोरोना के संकट से निकलने के लिए उतनी ही तेजी से एक्टिव हो सकेंगे। चुनाव के चलते पूरा प्रशासन ही ठप जैसा है।' इससे पहले रविवार को सीएम ममता बनर्जी ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राज्य में वैक्सीन, अन्य दवाओं और ऑक्सीजन की कमी का मुद्दा उठाया था।
'सरकारी इमारतों में टिके केंद्रीय बल, मरीजों के लिए बना सकते थे जगह'
यही नहीं उन्होंने कहा कि कई सरकारी इमारतों और स्टेडियमों को कोरोना मरीजों के लिए सुरक्षित भवन के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता था, लेकिन पहां केंद्रीय बलों का डेरा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने बीते 4 दिनों में 1,000 बेड का अस्पताल तैयार किया है। इसके अलावा अगले 3 से 4 दिन में 4,500 बेड का एक और अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा।
bhavtarini.com@gmail.com 
