तांडव वेब सीरीज विवाद : अमेजन प्राइम की इंडिया हेड से तीन घंटे में पूछे 100 सवाल 

तांडव वेब सीरीज विवाद : अमेजन प्राइम की इंडिया हेड से तीन घंटे में पूछे 100 सवाल 

 लखनऊ  
तांडव वेब सीरीज को लेकर दर्ज हुई एफआईआर के मामले में अमेजन प्राइम की ओरिजनल कन्टेंट इंडिया हेड अपर्णा पुरोहित मंगलवार को हजरतगंज कोतवाली में बयान दर्ज कराने पहुंची। विवेचक इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने उनसे तीन घंटे में 100 से ज्यादा सवाल पूछ डाले। उनसे वेब सीरीज के डायलॉग और साम्पद्रायिक भावनाओं से जुड़े कई सवाल भी पूछे गये। अपर्णा ने 12 सवालों के ही जवाब दिये बाकी वह यही कहती रही कि उन्हें नहीं मालूम या डायरेक्टर से पूछिये...।

कोतवाली में अपर्णा के साथ उनके स्टॉफ के भी कुछ लोग थे पर पुलिस ने सिर्फ दो लोगों को कोतवाली के अंदर जाने दिया, बाकी सब बाहर खड़े रहे।इस मामले में 18 जनवरी को हजरतगंज कोतवाली में अमरनाथ यादव ने अपर्णा पुरोहित के अलावा डायरेक्टर अली अब्बास, निर्देशक हिमांशु कृष्ण व लेखक गौरव सोलंकी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी थी। इस मामले में विवेचक अनिल सिंह के नेतृत्व में एक टीम मुम्बई भी गई थी। वहां सभी आरोपियों के घर नोटिस चस्पा की गई थी। फिर इन लोगों ने बयान दर्ज कराये थे। बस अपर्णा पुरोहित ने ही बयान नहीं दिये थे। इंस्पेक्टर श्याम बाबू शुक्ला के मुताबिक हाईकोर्ट के जज दिनेश कुमार सिंह ने अपर्णा को बयान दर्ज कराने का आदेश दिया था। इस पर ही वह सोमवार को करीब पौने दो बजे हजरतगंज कोतवाली पहुंची थी।