घंटाघर में सांप्रदायिक तनाव के बाद चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा

घंटाघर में सांप्रदायिक तनाव के बाद चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा

बिजनौर
मेरठ के घंटाघर थानाक्षेत्र में शनिवार को भी सांप्रदायिक तनाव बरकरार रहा। पुलिस ने दूसरे समुदाय की युवती की तहरीर पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया। इससे माहौल और गरमा गया। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने बनबटान में जाकर हंगामा किया। इसके चलते क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा लगा दिया गया।

घंटाघर पर एसपी सिटी ऑफिस के पास बनबटान मोहल्ले में दो अलग-अलग समुदाय की दो महिलाएं दुकान चलाती हैं। एक पक्ष ने दूसरे समुदाय की युवती की दुकान पर शरारती तत्वों के खड़े होने की शिकायत पुलिस से की थी। इसमें कोई कार्रवाई नहीं हुई। चौकी इंचार्ज मामले को टरकाते रहे और विवाद बढ़ता गया।

गुरुवार को महिला के घर में घुसकर दूसरे समुदाय के युवकों ने दुष्कर्म की कोशिश कर दी। मामला भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा के पास पहुंचा। कार्रवाई न होने पर शुक्रवार भाजपा नेता कमल दत शर्मा और हिंदू युवा वाहिनी के अध्यक्ष अंकित शर्मा ने हंगामा कर दिया।

वहीं, दूसरे समुदाय की दुकान चलाने वाली युवती और चार लोगों के खिलाफ एससी-एसटी सहित अन्य धाराओं में केस पंजीकृत किया गया। इस मामले में दुकानदार युवती को भी पीटने के आरोप लगाए गए थे। इसके चलते सांप्रदायिक तनाव के हालात बने हैं।

इसी मामले में शनिवार को हिंदू जागरण मंच के अध्यक्ष सचिन सिरोही बनबटान मोहल्ले में पहुंच गए और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ हंगामा कर दिया। जानकारी लगते ही सीओ कोतवाली और इंस्पेक्टर देहली गेट पुलिस टीम के साथ पहुंचे।

सचिन सिरोही ने कहा कि दूसरे समुदाय के लोग कई तरह की टिप्पणी कर रहे हैं। वे मोहल्ले का माहौल खराब कराना चाहते हैं। पुलिस उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, नहीं तो अंजाम बुरा होगा। पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझाकर शांत किया और भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष कार्रवाई होगी।  

बनबटान मोहल्ले में जय श्रीराम के नारे लगते ही वहां पर खलबली मच गई और पुलिस अलर्ट हो गई। हिंदू युवा वाहिनी अध्यक्ष ने बताया कि बनबटान मोहल्ले में हिंदुओं के छह परिवार रहते हैं जिनका दूसरे समुदाय के लोग उत्पीड़न भी कर रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दूसरे समुदाय की युवती से मारपीट का आरोप गलत है।

24 घंटे बाद पुलिस ने दूसरे समुदाय की युवती की तहरीर पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया। युवती ने भी आरोप लगाए कि दुकान में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास हुआ है। मारपीट भी की गई है। उसे काफी चोट लगी है। युवती जिला अस्पताल में भर्ती है। क्रॉस केस लिखने पर हिंदू युवा वाहिनी और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं में पुलिस के प्रति आक्रोश है।