को​रबा सीट के लिए कोरिया जिले से प्रत्याशी बनाए जाने की मांग

को​रबा सीट के लिए कोरिया जिले से प्रत्याशी बनाए जाने की मांग

कोरिया
छत्तीसगढ़ के कोरिया में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो चुकी है. कोरिया जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र कोरबा लोकसभा क्षेत्र में आती है. ऐसे में यहां के दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के लोग जिले से ही लोकसभा का प्रत्याशी बनाए जाने की मांग करने लगे हैं. कोरबा लोकसभा क्षेत्र में कोरिया जिले की भरतपुर सोनहत विधानसभा, मनेन्द्रगढ़ विधानसभा व बैंकुठपुर विधानसभा क्षेत्र आते हैं. इसके पहले कोरिया जिला सीधी संसदिय क्षेत्र में था.

परसीमन के बाद इसे कोरबा लोकसभा से जोड़ दिया गया है. कोरबा लोक सभा मे फिलहाल भाजपा का कब्जा है और यहां से डॉ. बंशीलाल महतो लोकसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. विधानसभा चुनाव की बात करें तो जिले की तीनों विधानसभाओं में कांग्रेस का परचम लहराया है और तीनों ही सीटें भाजपा को गंवानी पड़ी. इससे माना जा रहा है कि इस बार भाजपा इस लोकसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार बदल सकती है.

ऐसे में अब दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों के लोग लोकसभा चुनाव के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं, लेकिन दोनों ही दलों में जो सबसे प्रमुख बात है वह यह कि दोनों ही दलों के नेता कोरिया जिले से ही लोकसभा प्रत्याशी बनाए जाने की मांग कर रहे है. कोरबा क्षेत्र से आज तक कोरिया जिले के प्रत्याशी को अवसर नहीं दिया गया, इसकी वजह से जो सांसद चुनकर आता हैं वह अपने ही जिले और क्षेत्र का विकास करते हैं.

स्थानीय नागरिक जय ​मलिक, व्यापारी सुरेन्द्र सिंदवानी, युवा नेता विजय पाठक सहित अन्य ने इस बार कोरिया जिले से ही लोकसभा प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की है. इन लोगों को कहना है कि प्रत्याशी नहीं होने से इस जिले की जनता अपने आपको ठगा हुआ महसूस करती है. यही वजह है कि इस बार भारतीय जनता पार्टी के साथ कांग्रेस के नेताओं ने कोरिया जिले से लोकसभा उम्मीदवार बनाने की मांग की है.