केरोसिन वितरण पर यूपी के इन जिलों में रोक, गरीबों के घर में अंधेरा

केरोसिन वितरण पर यूपी के इन जिलों में रोक, गरीबों के घर में अंधेरा

 अमेठी  
यूपी के 15 जिलों के गरीबों को मिलने वाले केरोसिन का आवंटन शासन ने रोक दिया है। इसके लिए खाद्य एवं रसद विभाग के अनु सचिव ने इन जिलों के जिलाधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए पत्र भेजा है। इन सभी 15 जिलों के गरीबों को बिजली जाने के बाद अब अंधेरे में ही गुजारा करना पड़ेगा। अमेठी जिले में कोटे की दुकानों से वितरित किए जाने वाले मिट्टी का तेल का त्रैमासिक आवंटन अप्रैल, मई और जून माह के लिए किया गया था। लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण जिलाधिकारी द्वारा केरोसिन के वितरण को मंजूरी नहीं दी गई थी। बाद में जनप्रतिनिधियों के प्रयास से मई माह से जिलाधिकारी द्वारा केरोसिन वितरण को स्वीकृति प्रदान की गई। जिसके बाद 2 माह तक कोटे की दुकानों से कार्ड धारकों को केरोसिन का वितरण किया गया। अब एक बार फिर गरीबों को मिलने वाले केरोसिन के वितरण पर संकट के बादल छा गए हैं।

खाद एवं रसद विभाग के अनुसचिव अशोक कुमार ने अमेठी सहित 15 जिलों के जिलाधिकारियों को भेजे पत्र में कहा है कि शासन द्वारा सम्यक  विचारोपरांत इन जिलों को माह जुलाई, अगस्त और सितंबर त्रैमास के लिए आवंटित केरोसिन का आवंटन स्थगित किया जाता है। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी को आवश्यक कार्यवाही सुनश्चिति करने के लिए कहा है।

इन जिलों के लिए केरोसिन का आवंटन स्थगित
अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, बलिया, बांदा, बाराबंकी, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, महोबा, मिर्जापुर, सोनभद्र और सुल्तानपुर।