उत्तराखंड के चमोली जिले में फटा ग्लेशियर, बीआरओ कैंप से अब तक 291 लोगों को सुरक्षित निकाला गया 

उत्तराखंड के चमोली जिले में फटा ग्लेशियर, बीआरओ कैंप से अब तक 291 लोगों को सुरक्षित निकाला गया 

देहरादून
उत्तराखंड में भारत-चीन के निकट स्थित चमोली जिले में शुक्रवार रात एक ग्लेशियर फट गया। प्रशासन के मुताबिक इस घटना में अभी तक किसी भी जान-माल की हानि की खबर नहीं है। वहीं, भारतीय सेना की मध्य कमान ने बताया कि कल चमोली जिले के जोशीमठ सेक्टर के सुमना क्षेत्र में हुई भारी बर्फबारी के कारण सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) का कैंप हिमस्खलन की चपेट में आ गया था, जिसमें से अभी तक 291 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। वहीं, एनडीआरएफ ने कहा है कि ऋषि गंगा नदी में पानी 2 फीट बढ़ गया है। 

केंद्र सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी बचाव दलों को बचाव कार्यों के लिए अलर्ट कर दिया गया है। वहीं, उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने कहा, 'हम इस मामले में और अधिक सूचना इकट्ठा करने की कोशिश कर रहे हैं कि कहीं इस घटना में किसी की मौत तो नहीं हुई। खराब मौसम के कारण हम वास्तविक परिस्थिति का पता नहीं लगा पा रहे हैं। स्थिति का जायजा लेने के लिए घटना स्थल पर टीम भेजी जा रही हैं। जिन आईटीबीपी जवानों को इलाके में तैनात किया गया है वे सुरक्षित हैं।'