सिंधिया का मालवा दौरा, सात जिलों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात

सिंधिया का मालवा दौरा, सात जिलों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात
भोपाल, राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया का प्रभाव ग्वालियर-चंबल से लेकर मालवा तक है,लेकिन भाजपा में आने के करीब सवा साल तक वे मालवा में इतने सक्रिय नहीं थे, जितने वे पहले रहते थे। भाजपा में आने के बाद वे पहली बार मालवा के एक साथ सात जिलों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने आ रहे हैं। बताया जाता है कि सिंधिया रविवार को नीमच में अपने कुछ समर्थकों और परिचितों के घर पर जाएंगे। इसके साथ ही वे पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। रात में वे मंदसौर आ जाएंगे, जहां पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात होगी। इसके बाद अगले दिन सुबह वे कुछ लोगों के घर पर मुलाकात करने और कोरोना के दौरान दिवंगत हुए लोगों के घर भी जाएंगे। रतलाम जिले के वे कई कस्बों में जाएंगे। जावरा, पिपलोदा के साथ रतलाम शहर के लोगों से भी वे मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे धार जिले के बदनावर में पहुंचेंगें। यहां से वे धार भी जाएंगे। इसके अगले दिन उज्जैन और देवास में भी उनके कार्यक्रम हैं। यहां पर भी वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

सिलावट और महेंद्रसिंह सिसौदिया उदयपुर से जुड़ेंगे साथ

सिंधिया के कट्टर समर्थकों में शुमार कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, महेंद्रसिंह सिसौदिया उदयपुर में एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी करेंगे। इस दौरान अन्य नेता भी रहेंगे। नीमच में मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, सांसद सुधीर गुप्ता सहित विधायक उनकी अगवानी करेंगे। मंदसौर जिले में प्रभारी मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, पर्यावरण मंत्री हरदीपसिंह डंग सहित विधायक और भाजपा जिलाध्यीक्ष सहित अन्य पदाधिकारी उनके साथ रहेंगे। सिंधिया के काफिले में उनके समर्थक और अन्य मंत्री भी शामिल हो सकते हैं।

भाजपा में आने के बाद पहली बार दौरा

राजयसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में शामिल होने के बाद पहली बार रतलाम,मंदसौर और नीमच के दौरे पर 4 जुलाई को पहुंच रहे हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया का मालवा क्षेत्र के इन जिलों में खासा प्रभाव माना जाता है। यहां वे अपने समर्थको के अलावा भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। कोरोना में जान गंवाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओ के परिवारों से मिलने भी जाएंगे। नरेंद्र मोदी सरकार में जल्द शपथ लेने की चर्चाओं के बीच सिंधिया का मालवा दौरे को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि मालवा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं से जुड़ने के लिए सिंधिया का यह दौरा महत्वपूर्ण है। वे नीमच, मंदसौर, धार, रतलाम, उज्जैन, देवास और इंदौर जाएंगे। उनका यह दौरा रविवार से शुरू हो रहा है। इस दौरान वे एक रात मंदसौर में भी रूकेंगे।