Bihar : पप्पू यादव पटना में गिरफ्तार, Lockdown तोड़ने का आरोप

पटना। राजधानी पटना में पूर्व सांसद और जन अधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव (Pappu Yadav) को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार की सुबह पप्पू यादव के पटना स्थित आवास पर टाउन डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम पहुंची, जिसके बाद उनको हिरासत में ले लिया और उसके बाद उनकी गिरफ्तारी की भी पुलिस ने पुष्टि कर दी। पप्पू यादव पर बिहार में जारी लॉकडाउन के उल्लंघन का आरोप है। हिरासत में लेने के बाद पप्पू यादव को पुलिस अपने साथ पटना के बुद्धा कॉलनी थाना ले गई है। जानकारी के मुताबिक, पप्पू यादव पर सरकारी काम में बाधा डालने और लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है। साथ ही मधेपुरा से भी जुड़ा कुछ मामला भी है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। बताया जाता है कि पप्पू यादव पर बगैर पास के मंगलवार की सुबह पीएमसीएच के कोविड वार्ड में घुस गये थे, साथ ही आज उन्होंने अपने क्षेत्र मधेपुरा जाने का भी कार्यक्रम बनाया था। मधेपुरा एसपी ने पटना पुलिस को इसको लेकर संदेश भेजा था। लगातार कर रहे थे कोरोना नियमों का उल्लंघन पुलिस के मुताबिक, उसने पप्पू यादव से पास बनवाकर घूमने का आग्रह किया था, लेकिन वह लगातार इस मामले का उल्लंघन कर रहे थे। पटना की बुद्धा कॉलोनी पुलिस ने पीरबहोर थाने की पुलिस को पप्पू यादव को सौंप दिया है और पीरबहोर थाने में ही केस भी दर्ज होगा। इससे पहले बिहार के छपरा में भी पूर्व सांसद पप्पू यादव पर केस दर्ज हो चुका है। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह पप्पू यादव पटना में पीएमसीएच के कोविड वार्ड पहुंच गए और वहां पर स्थिति का जायजा ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया को ब्रीफ भी किया। पटना पुलिस ने अपने द्वारा जारी किए गए अनुरोध पर पूर्व सांसद द्वारा अनदेखी किए जाने के बाद कार्रवाई की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। टाउन डीएसपी के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस टीम पप्पू यादव के आवास पर पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर गांधी मैदान थाने ले गई।