नंदीग्राम। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद फिर हिंसा की खबरें आ रही हैं। रविवार को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद छुटपुट तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद सोमवार को फिर हिंसा की खबरें हैं। दरअसल, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के नतीजे आने औश्र तृणमूल कांग्रेस की प्रचंड जीत के बाद हिंसा बढ़ गई हैं। सोमवार को नंदीग्राम में भी हंगामा होने की खबरे हैं। बताया जाता है कि नंदीग्राम में बीजेपी के दफ्तर में तोड़फोड़ की कोशिश की गई। स्थिति यह है कि चुनाव बाद राज्य में हुई हिंसा में अब तक 9 लोगों की जान जा चुकी है। उधर, ऑफिस में हुई तोड़फोड़ के लिए बीजेपी ने टीएमसी को जिम्मेदार बताया है। कुछ रिपोर्ट्स यह भी दावा कर रही हैं कि नंदीग्राम में कई दुकानों और घरों में भी तोड़फोड़ और आगजनी की गई है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में प्रचंड जीत हासिल करने वाली तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी नंदीग्राम सीट से चुनाव लड़ी थीं और वह यहां हार गई हैं। उन्हें बीजेपी के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी से चुनाव में हार मिली है। नतीजों के बाद हुई हिंसा में चार लोग मारे जा चुके हैं। इनमें से दो बीजेपी कार्यकर्ता थे, एक टीएमसी और एक आईएसफ कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं।
आरामबाग में फूंका था बीजेपी दफ्तर
उधर, चुनाव रिजल्ट आने के बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं ने पाबंदी के बाद भी न सिर्फ जीत का जश्न मनाया, बल्कि आरामबाग में बीजेपी के दफ्तर को भी आग के हवाले कर दिया था। इससे पहले टीएमसी कार्यकर्ताओं ने कोलकाता स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय के बाहर हंगामे की कोशिश की। हालांकि, रविवार को मतगणना के दौरान जश्न मनाए जाने पर चुनाव आयोग ने मुख्य सचिव को फटकार लगाते हुए उपद्रवियों के खिलाफ एफआईआर कराने के निर्देश दिए थे।