एसडीआरएफ राजस्थान ने रचा इतिहास: पुणे में आयोजित नेशनल सीबीआरएन कॉम्पिटिशन-2026 में हासिल किया प्रथम स्थान

एसडीआरएफ राजस्थान ने रचा इतिहास: पुणे में आयोजित नेशनल सीबीआरएन कॉम्पिटिशन-2026 में हासिल किया प्रथम स्थान

जयपुर। राज्य आपदा प्रतिसाद बल (एसडीआरएफ), राजस्थान की टीम ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) द्वारा आयोजित "नेशनल सीबीआरएन कम्पटीशन-2026" के द्वितीय स्तर (रीजनल लेवल) में प्रथम स्थान प्राप्त कर राजस्थान का गौरव बढ़ाया है।
     
एसडीआरएफ राजस्थान के कमाण्डेन्ट रेवन्त दान ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 से 15 अक्टूबर 2026 तक 5वीं बटालियन एनडीआरएफ, पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में गुजरात की टीम दूसरे स्थान पर रही।
  
प्रतियोगिता में एसडीआरएफ राजस्थान के अतिरिक्त गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की एसडीआरएफ टीमों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु (सीबीआरएन) आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आपदा मोचन बलों की तकनीकी दक्षता, व्यावसायिक क्षमता, त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करना है।

चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन

सीबीआरएन आपदाएं अत्यंत संवेदनशील एवं चुनौतीपूर्ण होती हैं। ऐसी परिस्थितियों में प्रभावित क्षेत्र का सुरक्षित आकलन, जोखिम की पहचान, निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई) का उचित उपयोग, दूषित व्यक्तियों एवं क्षेत्रों का प्रबंधन तथा टीम समन्वय विशेष महत्व रखते हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं बलों को अपनी तैयारियों को परखने, तकनीकी कौशल सुदृढ़ करने और विभिन्न राज्यों के बलों के बीच अनुभव साझा करने का अवसर देती हैं।
    
एसडीआरएफ राजस्थान की इस सफलता को बल के कार्मिकों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता और आपदा प्रबंधन के प्रति समर्पण का प्रमाण बताया गया है। यह उपलब्धि राजस्थान में सीबीआरएन सहित विभिन्न आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की एसडीआरएफ की तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

21 सदस्यीय टीम ने दिलाई राजस्थान को उपलब्धि

इस उपलब्धि को हासिल करने वाली टीम में प्लाटून कमाण्डर आशीष बंशीवाल और हेमन्त दायमा के नेतृत्व में कुल 21 कार्मिकों ने भाग लिया। नवम्बर 2026 में सभी रीजनल लेवल की विजेता और उपविजेता टीमों के बीच राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता प्रस्तावित है।
    
एसडीआरएफ राजस्थान का ध्येय आपदा की हर चुनौती का सामना तत्परता, दक्षता और प्रतिबद्धता के साथ करना है। यह सफलता बल के कार्मिकों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और आमजन की सुरक्षा व जीवन रक्षा के लिए निरंतर तत्पर रहने की प्रेरणा देगी।