प्रवासी राजस्थानी संवाद कार्यक्रम, प्रवासी राजस्थानी गौरवशाली संस्कृति और विरासत के ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान की आधारभूत सुविधाओं में हो रहा अभूतपूर्व विस्तार
सकारात्मक नीतियों से निवेश और उद्योग हुआ आसान
राज निवेश पोर्टल पर 18 विभागों की 190 सेवाएं उपलब्ध
शेखावाटी की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के साथ विकसित किया जा रहा हेरिटेज टूरिज्म सर्किट: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री ने किया प्रवासी राजस्थानियों के साथ संवाद
राजस्थान फाउंडेशन के 11 नए चैप्टर्स की घोषणा
कॉफी टेबल बुक ‘विकास के सहभागी’ का किया विमोचन
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति और समृद्ध विरासत के ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, कौशल,उद्यमशीलता और सामाजिक समरसता की भावना से राजस्थान का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ‘पधारो म्हारे देश’ के साथ अब ‘पधारो थारे देश’ की भावना को भी आगे बढ़ाना है, ताकि प्रवासी राजस्थानी अपनी मातृभूमि में लौटकर प्रदेश के विकास मेंयोगदान दें। राजस्थान फाउंडेशन प्रवासी राजस्थानियों को सामाजिक गतिविधियों और निवेश के अवसरों से जोड़ने में सशक्त सेतु की भूमिका निभा रहा है।
राजस्थान फाउंडेशन के अब 51 चैप्टर्स
मुख्यमंत्री ने राजस्थान फाउंडेशन के विस्तार के तहत 11 नए चैप्टर्स प्रारम्भ करने की घोषणा की। इनमें रायपुर, लखनऊ, पटना, सिलीगुड़ी, पणजी और विशाखापट्टनम में 6 चैप्टर्स तथा सैन फ्रांसिस्को (यूएसए), ज्यूरिख (स्विट्जरलैंड), मिलान (इटली) और डबलिन (आयरलैंड) में 4 चैप्टर्स शामिल हैं। इसके अतिरिक्त स्टॉकहोम में नॉर्डिक चैप्टर स्थापित किया जाएगा, जिसमें स्वीडन, डेनमार्क, नॉर्वे और फिनलैंड सम्मिलित होंगे। इसके साथ ही राजस्थान फाउंडेशन के देश-विदेश में संचालित चैप्टर्स की संख्या 40 से बढ़कर 51 हो जाएगी। इनमें 25 चैप्टर्स देश में और 26 चैप्टर्स विदेश में संचालित होंगे।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में प्रवासी राजस्थानियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण सहभागी बनाते हुए उनके निवेश, सामाजिक योगदान और सांस्कृतिक जुड़ाव को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। इसी क्रम में डिपार्टमेंट ऑफ डोमेस्टिक एंड ओवरसीज राजस्थान अफेयर्स का गठन, राजस्थान डेवलपमेंट सपोर्ट पोर्टल की शुरुआतऔरएनआरआर पॉलिसी-2025 भी जारी की गई है। वहीं, प्रत्येक जिले में जिला प्रवासी प्रकोष्ठ गठित किया गया है, जहां प्रतिवर्ष कम से कम एक बार प्रवासी राजस्थानी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
पानी-बिजली उपलब्धता से लेकर कनेक्टिविटी हो रही सुदृढ़
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में आधारभूत सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। प्रदेश में जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय जल समझौतों राम जलसेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। बिजली में भी आत्मनिर्भरता से आगे बढ़ते हुए अब राजस्थान विद्युत प्रदाता राज्य बन गया है। वहीं,आवागमन को सुगम बनाने के लिए 9 ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के साथ ही एयर कनेक्टिविटी का विस्तार भी किया जा रहा है।
नीति और नीयत से सुगम हो रहा कारोबार
मुख्यमंत्री ने कहा कि कारोबार सुगमता बढ़ाने के लिए एमएसएमई क्षेत्र में कन्सेंट-टू-ऑपरेट की समय-सीमा 120 दिन से घटाकर 30 दिन की गई है, जबकि बड़े उद्योगों के लिए इसे 60 दिन किया गया है। साथ ही, व्हाइट कैटेगरी के उद्योगों की सूची 104 से बढ़ाकर 877 की गई है। इसी प्रकार राज निवेश पोर्टल पर 18 विभागों की लगभग 190 सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। राजस्थान इंडस्ट्रीज पार्क प्रमोशन पॉलिसी-2026, राजस्थान इन्वेस्टमेंट प्रमोशन स्कीम, राजस्थान एमएसएमई पॉलिसी और एक जिला-एक उत्पाद नीति के माध्यम से उद्योगों और निवेशकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
राजस्थान में निवेश की अपार संभावनाएं
उन्होंने कहा कि राजस्थान में खनिज संपदा, कृषि उत्पादों, मसालों, हस्तशिल्प और पर्यटन के क्षेत्रों में भी निवेश की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश में लगभग 80 हजार करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही ग्रीनफील्ड रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल परियोजना राजस्थान की अर्थव्यवस्था के लिए नया ग्रोथ इंजन बनेगी। रिफाइनरी से निकलने वाले विभिन्न उत्पादों के आधार पर छोटे और बड़े उद्योगों की स्थापना की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 472 औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जहां लगभग 46 हजार औद्योगिक इकाइयां कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानियों से आह्वान किया कि वे अपनी मातृभूमि में निवेश कर रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने में भागीदार बनें।
8 दिसम्बर को शेखावाटी हेरिटेज मीट
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार विरासत को सहेजकर विकास की ओर अग्रसर है। इसी क्रम में सीकर, झुंझुनूं और चूरू में हेरिटेज टूरिज्म सर्किट विकसित किया जा रहा है। वहीं, शेखावाटी क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए 662 ऐतिहासिक हवेलियों को चिह्नित किया गया हैं। उन्होंने कहा कि शेखावाटी की ऐतिहासिक विरासत, हवेलियों और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 8 दिसम्बर को शेखावाटी हेरिटेज मीट आयोजित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानियों को आगामी 10 दिसम्बर को आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान के माध्यम से जल संरक्षण के कार्यों में भी प्रवासी राजस्थानियों का उल्लेखनीय योगदान मिला है। इस अभियान के तहत अब तक लगभग 62 हजार भूजल रिचार्ज एवं जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया जा चुका है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राजस्थान फाउंडेशन के विभिन्न चैप्टर्स के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान दुबई चैप्टर के अमराराम जांगिड़,मेलबर्न के रवि शर्मा, नैरोबी के सोनवीर सिंह, गुवाहाटी के रतन शर्मा, मुम्बई के गणपत कोठारी, सूरत के श्याम राठी, भुवनेश्वर के अजय अग्रवाल ने वीसी के माध्यम से एवंदिल्ली के कनिष्क यादव, न्यूयार्क के कैलाश झालानी, कोलकता के जतनलाल ने अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर कॉफी टेबल बुक ‘विकास के सहभागी’ का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, जयपुर महापौर सुनील कोठारी सहित बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी उपस्थित रहे। साथ ही, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश-विदेश से भी प्रवासी राजस्थानी कार्यक्रम से जुड़े।
bhavtarini.com@gmail.com

