चंडीगढ़ का मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल देश में नंबर वन, 22 राज्यों के 4500 स्कूलों पर स्टडी
हैदराबाद, हर मां-बाप का सपना होता है कि उनका बच्चा अच्छे स्कूल में पढ़ाई करे। कई बार अपने बेटे-बेटियों के लिए स्कूल चुनते समय अभिभावकों को तमाम परेशानियों से गुजरना पड़ता है। ऐसे हालात में देशभर के बेहतरीन स्कूल कौन से हैं?, ये बताने के लिए एजुकेशनवर्ल्ड इंडिया ने हाल ही में एक रैंकिंग जारी की है। इसे स्कूलों पर दुनिया का सबसे बड़ा सर्वे माना जा रहा है।
एजुकेशनवर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग 2026-27 में देशभर के 22 राज्यों के 34 शहरों के स्कूलों का सर्वेक्षण किया गया है। पूरे देश के करीब 4500 स्कूल इसका हिस्सा बने हैं। बेहतरीन स्कूलों को 3 कैटेगरी में जगह दी गई है। 3 मुख्य श्रेणियों में डे स्कूल, बोर्डिंग स्कूल और इंटरनेशनल स्कूल हैं। डे स्कूल बिना हॉस्टल वाले, बोर्डिंग स्कूल हॉस्टल वाले जबकि इंटरनेशनल स्कूल विदेशी सिलेबस वाले स्कूल होते हैं।
इन तीन मुख्य कैटेगरी में अलग-अलग नाम से 23 सब कैटगरी हैं। इसके अलावा 6 विशेष-सामाजिक सब कैटेगरी को अलग से जोड़ा गया है। यानी कुल 29 सब कैटेगरी हैं। इन स्कूलों का मूल्यांकन 14 मुख्य पैरामीटर्स पर किया गया है। राज्य सरकारी डे स्कूल सब कैटेगरी में चंडीगढ़ का मॉडल सीनियर सेकेंडरी देशभर में नंबर वन है। वहीं आईवी लीग डे स्कूल उप श्रेणी में बेंगलुरु का इन्वेन्चर एकेडमी अव्वल है।
14 मुख्य पैरामीटर्स कौन-कौन से हैं? : अकादमिक प्रतिष्ठा, शिक्षकों की क्षमता, छात्रों पर व्यक्तिगत ध्यान, नेतृत्व और प्रबंधन की गुणवत्ता, पाठ्यक्रम और शिक्षण शैली, सह-पाठ्यचर्या गतिविधियां, खेलकूद शिक्षा, सामुदायिक सेवा, अभिभावकों की भागीदारी, शिक्षक कल्याण और विकास, पैसे की सही कीमत, मानसिक और भावनात्मक कल्याण, बुनियादी ढांचा, विशेष आवश्यकता वाली शिक्षा शामिल हैं।
दिल्ली के 4 सरकारी स्कूल टॉप 10 में शामिल : रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली के 4 सरकारी स्कूल भी टॉप 10 में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। राज्य सरकारी डे स्कूल सब कैटेगरी में केरलम के कोझिकोड में स्थित जीवीएचएसएस फॉर गर्ल्स नादक्कावू स्कूल, दिल्ली के द्वारका के सेक्टर 10 में स्थित DBRM सीएम श्री स्कूल, द्वारका के ही सेक्टर में 19, दिल्ली के ही सूरजमल विहार और यमुना विहार में भी ये स्कूल मौजूद हैं। इन्हें भी लिस्ट में जगह मिली हैं। ओडिशा का ओडिशा आदर्श विद्यालय भी लिस्ट का हिस्सा है।
आइवी लीग डे स्कूल सब कैटेगरी में कौन से स्कूल?: आइवी लीग डे स्कूल सब कैटेगरी में दो स्कूलों को जगह मिली हैं। इनमें बेंगलुरु का इन्वेन्चर एकेडमी और दिल्ली का वसंत वैली स्कूल शामिल हैं। इसी तरह आइवी लीग डे-कम-बोर्डिंग सब कैटेगरी में भी 2 स्कूलों को जगह मिली हैं। इनमें मध्य प्रदेश के इंदौर में स्थित डेली कॉलेज और कर्नाटक के बेंगलुरु में स्थित ग्रीनवुड हाई स्कूल शामिल हैं।
आइवी लीग बोर्डिंग स्कूल सब कैटेगरी में ये स्कूल शामिल : रिपोर्ट के मुताबिक अजमेर के मेयो कॉलेज, देहरादून के द दून स्कूल, सोलन के पाइनग्रोव स्कूल, चित्तूर के ऋषि वैली स्कूल, कोयम्बटूर के चिन्मय इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल, ग्वालियर के द सिंधिया स्कूल, ग्वालियर का ही सिंधिया कन्या विद्यालय और देहरादून के ही वेल्हाम गर्ल्स स्कूल को आइवी लीग बोर्डिंग स्कूल सब कैटेगरी में अलग-अलग खासियतों के कारण जगह मिली है।
आईवी लीग इंटरनेशनल डे स्कूल सब कैटेगरी में 4 स्कूल : आईवी लीग इंटरनेशनल डे स्कूल सब कैटेगरी में कुल 4 स्कूलों को जगह मिली है। इनमें से 3 स्कूल मुंबई में ही हैं। इनमें धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल, ओबेरॉय इंटरनेशनल स्कूल और जेबीसीएन इंटरनेशनल स्कूल परेल शामिल हैं। गुड़गांव के पाथवेज स्कूल को भी इस सब कैटेगरी में जगह मिली है।
अलग-अलग सब कैटेगरी में इन स्कूलों को भी मिला स्थान : एजुकेशनवर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग 2026-27 में अलग-अलग सब कैटेगरी में अन्य कई स्कूलों को स्थान मिला है। इनमें दिल्ली के धौला कुआं का स्प्रिंगडेल्स स्कूल, भोपाल का संस्कार वैली स्कूल, चंडीगढ़ के सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट जॉन्स हाई स्कूल, बेंगलुरु के सरला बिरला एकेडमी, देहरादून का ग्लोबल इंटरनेशनल गर्ल्स स्कूल समेत अन्य कई स्कूल शामिल किए गए हैं। कुल 4500 स्कूलों की रैंकिंग की गई है।
चंडीगढ़ का यह स्कूल पहले भी रहा है नंबर वन : रिपोर्ट के मुताबिक राज्य सरकारी डे स्कूल सब कैटेगरी में चंडीगढ़ के सेक्टर 16 D में स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल नंबर वन है। पहले भी यह स्कूल नंबर वन रह चुका है। इससे पहले साल 2023-24 के सर्वे में भी इस स्कूल ने पहली रैंक हासिल की थी। इस स्कूल में स्मार्ट एजुकेशन पर जोर दिया जाता है।
दुनिया का सबसे बड़ा स्कूल सर्वे : एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार एजुकेशनवर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग दुनिया का सबसे बड़ा स्कूल सर्वे है। एजुकेशनवर्ल्ड ने अपने एक अन्य पार्टनर के साथ मिलकर यह रिपोर्ट तैयार की। इसमें देशभर के 18 हजार लोगों को जवाबों का आकलन किया गया। एजुकेशनवर्ल्ड के दिलीप ठाकोर के अनुसार यह सर्वे हर साल किया जाता है। इसका मकसद देश के सबसे अच्छे प्राइमरी-सेकेंडरी स्कूलों के मैनेजमेंट को आधुनिक बनाने पर जोर देना है। सर्वे में सरकारी के अलावा निजी स्कूलों को भी शामिल किया गया।
देश में कुल 14।67 लाख स्कूल : भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के आधिकारिक UDISE+ (Unified District Information System for Education Plus) के लेटेस्ट डेटा के अनुसार पूरे देश में कुल 14 लाख 67 हजार से भी अधिक स्कूल हैं। इनमें प्राइवेट-सरकारी स्कूलों के अलावा मदरसे भी शामिल हैं। इन स्कूलों में प्री-प्राइमरी से लेकर हायर सेकेंडरी तक के 24।72 करोड़ से अधिक बच्चे पढ़ाई करते हैं। इन स्कूलों में 1।02 करोड़ से अधिक शिक्षक पढ़ाते हैं।
bhavtarini.com@gmail.com
