सुशासन तिहार: ग्राम पंचायत बिलारी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में 1473 आवेदन प्राप्त

सुशासन तिहार: ग्राम पंचायत बिलारी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में 1473 आवेदन प्राप्त

’जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की’

’22 मई को ग्राम पंचायत कापन में आयोजित होगा जनसमस्या निवारण शिविर’

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा नागरिकों को सरल, पारदर्शी एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत लगातार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज जांजगीर-चांपा जिले के जनपद पंचायत पामगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत बिलारी स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान हितग्राहियों को नैनो यूरिया, आइस बॉक्स, जाल, किसान किताब, बी-1, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नक्शा-खसरा, चेक एवं सम्मान पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित आवासों की चाबियां भी हितग्राहियों को सौंपी गईं। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। ग्राम पंचायत बिलारी में आयोजित शिविर में कुल 1473 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1439 मांग एवं 34 शिकायतों से संबंधित आवेदन शामिल हैं।

पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन प्रस्तुत कर शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए तथा योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए। उन्होंने विद्युत विभाग को बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा कृषि विभाग को किसानों के लिए खाद एवं उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका निराकरण कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से विभागीय स्टॉलों में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और उनका लाभ उठाने की अपील की।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रमिला साहू, श्रीमती प्रीति अजय दिव्य, श्रीमती संतोषी मनोज रात्रे, मानेष जांगड़े, रूपचंद साहू, मिथलेश साहू, राघवेंद्र प्रताप सिंह, संतोष लहरे, धनंजय सिंह, रामगिलास खुंटे, राजू राय, जय कुमार साहू, शहरलाल साहू, श्रीमती शांताबाई साहू, त्रिदेव कुमार साहू, श्रीमती पूर्णिमा साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

22 मई को ग्राम पंचायत कापन में आयोजित होगा जनसमस्या निवारण शिविर’

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत 22 मई को जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम पंचायत कापन स्थित पीएम प्राथमिक शाला परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस क्लस्टर में कापन, बम्हनी, खिसोरा, बरपाली, मुड़पार, करहीडीह, पचरी, साजापाली, खोंड़, कटनई, हरदी, बुचीहरदी, बिरकोनी, भैसतरा, बरगवां, कोटगढ़, खटोला एवं महमदपुर सहित कुल 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल होंगे।