ओसियां में बजट उपलब्धता एवं गुणावगुण के आधार पर नवीन महाविद्यालय स्थापित करने का निर्णय: उप मुख्यमंत्री
जयपुर। उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमचंद बैरवा ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि विधानसभा क्षेत्र ओसियां में वर्तमान में 04 राजकीय महाविद्यालय संचालित हैं। उन्होंने कहा कि यहां की नवगठित पंचायत समिति हतुंडी के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों में छात्राओं की संख्या का आकलन एवं आवश्यक परीक्षण कर राजकीय कन्या महाविद्यालय खोले जाने के विषय में निर्णय किया जाएगा।
उच्च शिक्षा मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक भैरा राम चौधरी द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र ओसियां में संचालित शहीद गोरख राम वीर चक्र राजकीय पीजी महाविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या एवं वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता एवं गुणावगुण के आधार पर यूजी एवं पीजी कक्षाओं में अतिरिक्त विषय खोलने के संबंध में निर्णय किया जाएगा। इसी प्रकार राजकीय कन्या महाविद्यालय तिंवरी-मथानिया को स्नातक से स्नातकोत्तर स्तर पर क्रमोन्नत किये जाने के संबंध में भी बजट उपलब्धता एवं गुणावगुण के आधार पर निर्णय किया जाएगा।
इससे पहले सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उच्च शिक्षा मंत्री ने विधानसभा क्षेत्र ओसियां में संचालित 04 राजकीय महाविद्यालयों का विवरण उन्होंने सदन के पटल पर रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा क्षेत्र ओसियां की नवसृजित पंचायत समिति मुख्यालय हतुंडी में राजकीय कन्या महाविद्यालय खोले जाने एवं राजकीय कन्या महाविद्यालय तिंवरी-मथानिया को स्नातक से स्नातकोत्तर स्तर पर क्रमोन्नत किये जाने का वर्तमान में कोई प्रस्ताव विभाग में विचाराधीन नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि विधानसभा क्षेत्र ओसियां में संचालित शहीद गोरख राम वीर चक्र राजकीय पीजी महाविद्यालय ओसियां सहित अन्य राजकीय कन्या महाविद्यालयों में नवीन विषय खोले जाने का वर्तमान में कोई प्रस्ताव विभाग में विचाराधीन नहीं है।
bhavtarini.com@gmail.com
