लोको पायलट, गार्ड 48 घंटे भूखे रहकर चलाएंगे ट्रेनें

भोपाल/जबलपुर
लोको पायलट, सहायक लोको पायलट व गार्ड 17 जुलाई से 48 घंटे तक भूखे रहकर ट्रेनें चलाएंगे। ग्रेड पे में सुधार और माइलेज भत्ता की मांग को लेकर ये हड़ताल की जा रही है।

ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन ने बताया कि लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और ट्रेन गार्ड की ये हड़ताल पूरे देशभर में होगी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों के मुताबिक हड़ताल के तहत मुख्य मांग ग्रेड-पे में सुधार और माइलेज भत्ते का पुनरीक्षण करना है। फिलहाल ये माइलेज भत्ता नहीं दिया जा रहा है। एसोसिएशन का कहना है कि इसके चलते कर्मचारियों को हर महीने आर्थिक नुकसान हो रहा है।

इसके विरोध में 17 जुलाई को सुबह 9 से 19 जुलाई सुबह 9 बजे तक रेलकर्मी भूखे रहकर ट्रेनें चलाएंगे।एसोसिएशन के बैनर तले देशभर में यह विरोध-प्रदर्शन होगा।

उधर लोको पायलट, सहायक लोको पायलट के परिजन इस हड़ताल को समर्थन दे रहे हैं। हालांकि लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और ट्रेन गार्ड लगातार 48 घंटे तक भूखे रहेंगे जिसकी चिंता परिजनों को हो रही है। जबलपुर में एक लोको पायलट की बेटी ने हड़ताल के समर्थन और अपने पिता की सलामती में अनोखा पोस्टर तैयार किया।