गोरखपुर की बेटी ने संभाल रखी है तपोवन आपदा राहत की कमान

गोरखपुर की बेटी ने संभाल रखी है तपोवन आपदा राहत की कमान

 गोरखपुर  
उत्तराखंड के चमोली जिले में बीते रविवार को ऋषिगंगा के मुहाने पर ग्लेशियर का एक हिस्सा टूटने से आए जलप्रलय के बाद प्रशासनिक अमला राहत कार्य में जुटा है। इस आपदा राहत की कमान बतौर जिलाधिकारी गोरखपुर की बेटी स्वाति एस भदौरिया ने संभाल रखी है। जोशीमठ में कैंप कर स्वाति राहत कार्यों की निगरानी कर रही हैं। उधर, गोरखपुर के मैत्रीपुरम में रहने वाले परिवार को बेटी की चिंता तो है, लेकिन इस बात का गर्व भी है कि वह पूरी शिद्दत से मोर्चा संभाल रही है।
जेल बाईपास स्थित मैत्रीपुरम मोहल्ले में स्वाति का संयुक्त परिवार सादगी के साथ रहता है। स्वाति के बाबा 91 वर्षीय विश्वनाथ श्रीवास्तव रेलवे से रिटायर इंजीनियर हैं। वह बताते हैं कि घटना के दिन पोती से चंद सेकेंड बात हुई थी। वह हादसे की सूचना के दो घंटे के अंदर ही मौके पर पहुंच गई थी। राहत कार्य में पूरी मुस्तैदी से डटे रहने का आशीर्वाद देकर फोन काट दिया।वह बताते हैं कि सेवाभाव के चलते ही उसने आईएएस की नौकरी ज्वाइन की। इसके पहले दर्जन भर ज्वाइनिंग लेटर फाइल में रखे हुए हैं। दादी इंदिरा को पोती की चिंता है। लेकिन वह मुश्किल में फंसे लोगों की हरसंभव मदद की सलाह देती हैं।