शिक्षा मंत्री निशंक ने किया जेईई की परीक्षा तिथि का ऐलान,20 जुलाई से तीसरे चरण और 27 जुलाई से चौथे चरण के एग्जाम

शिक्षा मंत्री निशंक ने किया जेईई की परीक्षा तिथि का ऐलान,20 जुलाई से तीसरे चरण और 27 जुलाई से चौथे चरण के एग्जाम

नई दिल्ली

JEE Main Exam Dates : केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने मंगलवार को अप्रैल और मई सत्र की जेईई मेन परीक्षाओं की नई तिथियों की घोषणा कर दी। उन्होंने ऐलान किया कि जेईई मेन के तीसरे चरण (अप्रैल) की परीक्षा 20 जुलाई से 25 जुलाई तक और चौथे चरण (मई) की परीक्षा 27 जुलाई से 2 अगस्त के बीच होगी। अगर किसी परीक्षार्थी ने पहले इन चरणों के लिए आवेदन नहीं किया तो उसे भी एप्लाई करने का मौका दिया जाएगा। ऐसे परीक्षार्थी पहले चरण के लिए 6 जुलाई से 8 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। जबकि चौथे चरण की परीक्षा में बैठने के लिए 27 जुलाई से 2 अगस्त के बीच एप्लाई किया जा सकता है।

आवेदन का एक और मौका

जो छात्र किसी कारणवश आवेदन नहीं कर सके, उन्हें भी आवेदन का एक मौका दिया जा रहा है. वे 6 जुलाई रात से लेकर 8 जुलाई 2021 की रात 11.50 तक आवेदन कर सकते हैं. चौथे चरण में आवेदन करने की तिथ‍ियां 9 जुलाई से 11 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं. श‍िक्षामंत्री ने कहा कि मैं आवेदन की सुविधा दोबारा देने के लिए नेशनल टेस्ट‍िंग एजेंसी को धन्यवाद देना चाहता हूं. इसके अलावा एनटीए ने इन तीन द‍िनों के भीतर परीक्षा केंद्र बदलने का भी मौका दिया है. इसे आप अपनी सुविधा अनुसार इन तीन द‍िनों के भीतर बदल सकते हैं.  

परीक्षा केंद्र हुए दोगुने

श‍िक्षामंत्री ने कहा कि कोव‍िड-19 के हालातों को देखते हुए इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या दोगुनी से अध‍िक कर दी गई है ताकि सोशल डिस्टेंस के साथ साथ अभ्यर्थ‍ियों की सुरक्षा भी सुनिश्‍च‍ित हो सके.

 13 भाषाओं में होंगे एग्जाम

श‍िक्षामंत्री ने कहा कि यह पहली बार है कि जेईई की परीक्षा जो पहले तीन भाषाओं में होती थी, वो इस साल 13 भाषाओं में हो रही है. इस बार अभ्यर्थ‍ियों के लिए सुनहरा अवसर है.

राज्य सरकारों से किया निवेदन

श‍िक्षामंत्री ने कहा कि मैं राज्य की सरकारों से निवेदन करूंगा कि जेईई मेंस के लिए गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी एसओपी का पूरी तरह पालन कराने में सहयोग करें. इसके अलावा उन्होंने छात्रों और अभ‍िभावकों से भी एसओपी के पालन करने का निवेदन किया है.

बता दें कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने इस साल से जेईई मेन की परीक्षाएं चार सत्रों में आयोजित करने का ऐलान किया था जिसमें दो सत्र फरवरी और मार्च 2021 की परीक्षाएं हो चुकी हैं. अब अगले सत्र की परीक्षाएं अप्रैल और मई में होने को प्रस्तावित थीं जो कोरोना महामारी के चलते स्थगित कर दी गई थीं. इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिस जारी कर जानकारी दी गई थी कि महामारी की स्थिति काबू में आने के बाद परीक्षा के बाकी सेशंस आयोजित किए जाएंगे.

ऐसा कहा जा रहा है कि कोरोना से संभलते हालात और राज्‍यों में शुरू हो रहे अनलॉक को देखते हुए श‍िक्षा मंत्रालय ने ये फैसला लिया है. इसके अतिरिक्‍त अभी तक ये भी कहा जा रहा था कि NEET UG 2021 एग्‍जाम भी 01 अगस्‍त से स्‍थगित कर सितंबर में आयोजित किया जा सकता है. अभी फिलहाल इसे लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हुई है. लेकिन अनुमान है कि इसकी तारीखें भी जल्द ही घोष‍ित की जा सकती हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 01 जून को CBSE बोर्ड 12वीं की परीक्षाएं रद्द करने का फैसला सुनाया था. इसके बाद से ही छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की डेट्स का इंतजार कर रहे हैं. शिक्षा विभाग ने परीक्षाएं स्‍थगित करते हुए अपने नोटिस में कहा था कि कोरोना की स्थिति पर विचार के बाद परीक्षाओं की डेट्स पर दोबारा फैसला लिया जाएगा. बता दें कि NTA एग्‍जाम डेट की घोषणा के बाद छात्रों को तैयारी के लिए पर्याप्‍त समय देगा. ऐसे में एग्‍जाम डेट की आधिकारिक घोषणा के बाद छात्र ताजा अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नज़र बनाकर रखें.