विकास दुबे केस :  ईडी की टीम जय बाजपेई से जेल में पूछताछ करेगी

विकास दुबे केस :  ईडी की टीम जय बाजपेई से जेल में पूछताछ करेगी

 कानपुर 
बिकरू कांड के बाद एनकाउंटर में मारे गए हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के खास गुर्गे जय बाजपेई से पूछताछ करने के लिए ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की टीम कानपुर देहात माती जेल जाएगी। एडवोकेट की शिकायत को ईडी ने इस जांच में शामिल किया है। टीम जय की सम्पत्तियों और उसका सहयोग करने वाले पुलिस कर्मियों के बारे में पूछताछ करेगी। 

सौरभ भदौरिया ने विकास और उसके सहयोगियों की 119 सम्पत्तियों की सूची ईडी को सौंपी थी। अभी तक टीम शहर आकर दस्तावेज इकट्ठा करने में लगी थी। अब पूछताछ शुरू कर दी है। दुबे की पत्नी के बयान लेने के बाद ईडी अब जय से जेल में जाकर पूछताछ कर बयान दर्ज करेगी।

27 को माती जेल पहुंच सकती ईडी की टीम

जय और उसके सहयोगियों की 119 सम्पत्तियों की सूची ईडी के पास मौजूद है। इसके साथ ही 28 पुलिस कर्मी जिन्होंने उसकी समय-समय पर मदद की है और उनकी सम्पत्तियों की सूची भी ईडी के पास पहुंच चुकी है। जय से पूछताछ के दौरान टीम यह जानने की भी कोशिश करेगी कि जिन पुलिस कर्मियों ने सम्पत्तियां अर्जित की हैं, उसमें जय ने कितना सहयोग किया है। सूत्रों के मुताबिक ईडी 27 अक्तूबर को जय से पूछताछ कर सकती है।

तुम्हारे कारण मेरे पति नहीं रहे

सौरभ बुधवार को ईडी दफ्तर लखनऊ में मौजूद थे। उनके अनुसार विकास की पत्नी रिचा दुबे भी वहां बयान दर्ज कराने आई थी। रिचा ने देखते ही कहा कि तुम्हारे कारण मेरे पति नहीं रहे। तुमने फर्जी शिकायतें करके यहां तक स्थितियां पहुंचा दीं। सौरभ के मुताबिक उनका विकास से कोई मतलब नहीं रहा है। उन्होंने सिर्फ जय और उसके सहयोगियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।