लेबनान की राजधानी बेरूत में हुए भीषण धमाके में यूपी की पत्रकार भी घायल

लेबनान की राजधानी बेरूत में हुए भीषण धमाके में यूपी की पत्रकार भी घायल

 मेरठ 
मंगलवार को लेबनान की राजधानी बेरूत में हुए भीषण विस्फोट में उत्तर प्रदेश के मेरठ की पत्रकार आंचल वोहरा भी घायल हो गई हैं। उनको काफी चोटें आई हैं। धमाके के बाद उनके एक दोस्त ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया है। उनके घर को भी काफी नुकसान पहुंचा है। आंचल वोहरा ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।

आंचल वोहरा मेरठ में पली-बढ़ी हैं और उनका परिवार अभी भी मेरठ के शास्त्रीनगर में रहता है। आंचल वॉइस ऑफ अमेरिका की संवाददाता हैं जो बेरुत में रहकर मिडिल ईस्ट और साउथ एशिया को कवर करती हैं। आंचल अल जजीरा के लिए भी लिखती हैं और टाइम्स के लिए फॉरेन पॉलिसी कंट्रीब्यूटर हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती लेबनान के बेरूत में है। जिस जगह धमाका हुआ है वहां से आंचल वोहरा का घर लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर है। आंचल वोहरा ने ट्वीट कर अपने घायल होने और घर के क्षतिग्रस्त होने के बारे में परिजनों को जानकारी दी है।


पटाखों और अमोनियम नाइट्रेट से हुआ और विनाशक
विशेषज्ञों और धमाके के वीडियों से संकेत मिलता है कि लेबनान की राजधानी बेरूत में हुआ धमाका पटाखों और अमोनियम नाइट्रेट के इस्तेमाल से और भीषण हुआ। इस धमाके के कारण हुए नुकसान से संकेत मिलता है कि इसमें उन रसायनों का इस्तेमाल किया गया जो आमतौर पर उर्वरक में किया जाता है। इस आपदा की शुरुआत के जो वीडियो मिले हैं उसमें दिख रहा है कि भारी धमाके से कुछ देर पहले तक लपटों से निकल रहे धुंए के भीतर चिंगारी और रोशनी दिख रही है।

इजराइली कंपनी तमार समूह के मालिक बोयज हेओउन ने कहा, इससे संकेत मिलता है कि पटाखे की वजह से धमाका हुआ। उल्लेखनीय है कि तमार समूह विस्फोटक की सुरक्षा और प्रमाणन में इजराइली सरकार के साथ काम करता है। उन्होंने कहा, धमाके से पहले आप आग के केंद्र में देखिए, आप चिंगारी देख सकते हैं, आप पॉपकार्न बनाते समय जैसी आवाज निकलती हुई सुन सकते हैं, आप सीटी की आवाज सुन सकते हैं।