राबड़ी आवास में तैनात पुलिसकर्मी सचिवालय थाने के जवानों से भिड़े

राबड़ी आवास में तैनात पुलिसकर्मी सचिवालय थाने के जवानों से भिड़े

पटना                                                     
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के दस सर्कुलर आवास में तैनात महिला समेत दो पुलिसकर्मी गुरुवार को सचिवालय थाने की पुलिस से भिड़ गये। विवाद बढ़ने पर उनके बीच हाथापायी की नौबत आ गयी। आरोप है कि पूर्व सीएम के आवास पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बदसलूकी की और सचिवालय थाना प्रभारी के गार्ड ने जब घटनाक्रम की वीडियो बनाने की कोशिश की तो बकझक कर रहे पुलिसकर्मियों ने गार्ड का मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। यह मामला एसएसपी समेत अन्य वरीय अधिकारियों तक पहुंच गया है। माना जा रहा है कि मामले की जांच के बाद अनुशानहीनता के आरोप में संबंधित पुलिसकर्मियों पर गाज गिर सकती है।


सचिवालय थानाध्यक्ष ने बताया कि आवास के अंदर विधायक दल की बैठक चल रही थी और बाहर सड़क पर बिना कारण के कुछ युवक खड़े थे। उसी समय मुख्यमंत्री प्रस्थान करने वाले थे। सचिवालय डीएसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि आवास पर तैनात महिला पुलिसकर्मी ने सीनियर के साथ अनुशासनहीनता की है और एक अन्य सिपाही ने वीडियो बनाने के दौरान मोबाइल छीनने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि सचिवालय थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ आवास के बाहर बेवजह के खड़े लोगों को हटाने के लिए गये थे, क्योंकि काफी लोगों के जुटने के कारण वहां जाम की समस्या हो जाती है।