यूपी में गड़बड़ी फैला नेपाल में शरण नहीं ले पाएगा कोई अपराधी 

यूपी में गड़बड़ी फैला नेपाल में शरण नहीं ले पाएगा कोई अपराधी 

 गोरखपुर  
पंचायत चुनाव के दौरान भारत-नेपाल सीमाई इलाके में अराजक तत्व अराजकता नहीं फैला पाएंगे और मनबढ़ चोर रास्तों से इधर से उधर आ-जा नहीं पाएंगे। जोन की पुलिस ने इसके लिए बाकायदा रोडमैप तैयार करा रही है। जोन के किस थाने से नेपाल के किस थाने की सीमा कितने किमी जुड़ी है, इस पार से उस पार आने-जाने के मार्ग कैसे-कैसे हैं, यह ब्योरा पुलिस ने जुटा लिया है। पुलिस ने जहां भी किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका है उसे दूर करने की पहल शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल कभी भी बज सकता है। चुनाव आयोग चुनाव की तिथियां तय करने और प्रशासनिक अधिकारी आरक्षण सूची तैयार कराने में जुटे हैं। सम्भावित उम्मीदवारों ने प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है। चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस के अधिकारी भी अपने तईं तैयारी कर रहे हैं। पंचायत चुनाव के दौरान कहीं भी किसी प्रकार का उपद्रव न होने पाए, इसके लिए पूर्वाभ्यास भी कर रहे हैं।

अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन अखिल कुमार नेपाल के सीमाई इलाकों को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं। चुनाव के दौरान सीमाई इलाके में किसी प्रकार की अराजक गतिविधियां न उत्पन्न होने पाए, इसे लेकर अभी से सतर्कता बरती जा रही है। गोरखपुर जोन की पुलिस जरूरी सूचनाएं जुटा रही है। मसलन जोन के किस जिले के किस थाने की कितनी सीमा नेपाल के किस जिले के किस थाने से जुड़ी हुई है। सम्ब्ंधित थाना क्षेत्र में कितने ऐसे रास्ते हैं जिन पर दोनों तरफ की पुलिस ड्यूटी देती है। कितने चोर रास्ते हैं जिनके जरिए सीमाई इलाके के लोग इस पर से उस पार आते-जाते हैं।